टीबी के खिलाफ जंग: जन-जागरूकता से ही बनेगा टीबी मुक्त बिहार, बोले राज्यपाल

Live ख़बर

–लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव

राज्यपाल ने बाइक रैली को दिखाई हरी झंडी, 3 महीने में 3 करोड़ लोगों की हुई स्क्रीनिंग

पटना, 02 अक्टूबर: टीबी के खात्मे के लिए जन-भागीदारी और सही जानकारी सबसे बड़ा हथियार है। बिहार लोक भवन गोलंबर पर टीबी मुक्त वाहिनी, लायंस क्लब इंटरनेशनल (डिस्ट्रिक्ट 322E) और राष्ट्रीय यक्ष्मा उन्मूलन कार्यक्रम के संयुक्त तत्वावधान में ‘टीबी मुक्त बिहार जन-भागीदारी अभियान’ की शुरुआत की गई। इस मौके पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने अभियान का शुभारंभ किया और लोगों को जागरूक करने के लिए निकाली गई मोटरसाइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि टीबी से लड़ने के लिए शुरुआती लक्षणों की पहचान, समय पर जांच और सही इलाज बेहद आवश्यक है। सही जानकारी के प्रसार से ही इस मुहिम को धरातल पर प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने अभियान से जुड़े लोगों और टीबी चैंपियंस को ‘टीबी योद्धा’ बताते हुए उनके समर्पण की सराहना की। उन्होंने गर्व से रेखांकित किया कि बिहारवासी जब किसी संकल्प को ठान लेते हैं, तो उसे पूरी निष्ठा और मेहनत से मुकाम तक पहुंचाते हैं। राज्य में बीते तीन महीनों के भीतर मोबाइल एक्स-रे के माध्यम से करीब 3 करोड़ लोगों की जांच पूरी की जा चुकी है, जो समय पर बीमारी की पहचान की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है।

राज्यपाल ने विश्वास जताया कि समाज के सभी वर्गों के साझा प्रयासों से बिहार को टीबी मुक्त करने का संकल्प जरूर पूरा होगा। इस गरिमामय अवसर पर लेडी गवर्नर सबीहा हसनैन, राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह, टीबी मुक्त वाहिनी के सचिव सुदेश्वर सिंह, लायंस क्लब इंटरनेशनल (डिस्ट्रिक्ट 322E) की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर संगीता नंदा, राजभवन के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में टीबी चैंपियंस मौजूद रहे।

Verified by MonsterInsights