–लाइव ख़बर नेशन || एस०एन०चतुर्वेदी
बिहार समेत उत्तर भारत और नेपाल से जुटे प्रतिनिधि; शिक्षा, रोजगार और राजनीतिक हिस्सेदारी बढ़ाने पर हुआ मंथन
पटना, 03 अक्टूबर 2026 : राजधानी पटना के विद्यापति भवन में राष्ट्रीय सूड़ी महासभा (सूड़ी संघर्ष मोर्चा) के तत्वावधान में राज्यस्तरीय ‘सूड़ी गौरव सम्मान-2026’ सह महासम्मेलन का आयोजन किया गया। इस महासम्मेलन में बिहार के सभी जिलों के अलावा उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों तथा नेपाल से आए समाज के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान समाज के शैक्षणिक, आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक सशक्तिकरण पर विस्तार से चर्चा हुई।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद शिक्षा, समाज सेवा, उद्यमिता, राजनीति और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को ‘सूड़ी गौरव सम्मान’ से अलंकृत किया गया। महासम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए पूर्व विधान पार्षद और राष्ट्रीय संरक्षक सुमन कुमार महासेठ ने कहा कि सूड़ी समाज को अति पिछड़ा वर्ग (EBC) में शामिल करने की मांग लंबे समय से लंबित है। उन्होंने कहा कि पारंपरिक व्यवसाय में आए बदलावों के कारण समाज गंभीर आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहा है, ऐसे में सरकार को इस न्यायसंगत मांग पर तुरंत विचार करना चाहिए।
प्रदेश कार्यक्रम संयोजक प्रह्लाद कुमार पूर्वे ने संगठन के सामाजिक अभियानों का ब्योरा प्रस्तुत करते हुए युवाओं को रोजगार और उच्च शिक्षा से जोड़ने पर बल दिया। सम्मेलन में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद, विधायक संजीव चौरसिया और विधायक पवन जायसवाल सहित कई राजनीतिक और सामाजिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया और समाज के विकास में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर आरा की मेयर इंदु देवी, प्रमंडल संयोजक आलोक अंजन, अनिल वैद्य, पूर्व प्रत्याशी गोपी किशन, राष्ट्रीय संयोजक शिवरतन गुप्ता, झारखंड के वीरेंद्र साहू, अंतरराष्ट्रीय मंच संचालक राम उदार महासेठ, पूर्व न्यायाधीश अजीत मोदी, सतीश कुमार और किशनगंज की कुमारी गुड्डी उपस्थित रहीं। आयोजन को सफल बनाने में अजय महतो, अभय आर्या और राजेश कुमार ने सक्रिय भूमिका निभाई। आयोजकों ने स्पष्ट किया कि अधिकारों की प्राप्ति के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
