–लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव
‘वी फॉर सोसाइटी’ के तहत 200 छात्रों को सिखाए 5S सिद्धांत, रोपे गए पौधे
बोकारो, 03 अक्टूबर: पर्यावरण सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ईएसएल स्टील लिमिटेड ने डीवाई पाटिल इंटरनेशनल स्कूल, अलकुशा में एक दिवसीय विशेष अभियान चलाया। कंपनी की कर्मचारी स्वयंसेवा पहल ‘वी फॉर सोसाइटी’ के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में स्वच्छता अभियान के साथ-साथ परिसर में पौधरोपण भी किया गया।
इस आयोजन में कंपनी के 24 कर्मचारी स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और विद्यालय के करीब 200 छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी अहम जानकारियां दीं। विशेष जागरूकता सत्रों के दौरान बच्चों को 5S सिद्धांत, स्वच्छता के नियम, टिकाऊ जीवनशैली और प्रकृति संतुलन के विषय में विस्तार से समझाया गया। सत्रों का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी में सफाई की आदत डालना और पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देना था।

सत्र के समापन पर स्वयंसेवकों, सीएसआर टीम, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने मिलकर स्कूल परिसर में पौधे रोपे और स्वच्छता अभियान चलाकर परिसर को स्वच्छ बनाया। कंपनी के सीईओ एवं पूर्णकालिक निदेशक रवीश शर्मा ने कहा कि बच्चों को स्वच्छता और पौधरोपण जैसी गतिविधियों से जोड़ना एक हरित और सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव रखता है। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य समुदाय और कर्मचारियों को साथ लाकर सामाजिक और पर्यावरणीय बदलाव की दिशा में ठोस कदम उठाना है।
