बोकारो पुलिस की बड़ी सफलता: स्कूटी चोरी मामले में आरोपी गिरफ्तार, दो वाहन बरामद

Live ख़बर

–लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव

अय्यप्पा स्कूल के पास से चुराई थी स्कूटी, पुलिस ने घर के गैरेज और सिटी सेंटर से जब्त किए वाहन

बोकारो, 03 अक्टूबर 2026: बोकारो के सेक्टर-06 थाना पुलिस ने स्कूटी चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की गई दो इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद की हैं। यह कार्रवाई सेक्टर-08 निवासी संतोष कुमार की शिकायत पर दर्ज प्राथमिकी के आधार पर की गई, जिसमें अय्यप्पा स्कूल सेक्टर-05/डी के पास से 1 अक्टूबर को अज्ञात चोरों द्वारा एनआईजे (NIJ) कंपनी की इलेक्ट्रिक स्कूटी चुराए जाने का आरोप लगाया गया था।

थाना प्रभारी बिक्रांत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर सेक्टर-05/डी स्थित एग्जीक्यूटिव हॉस्टल निवासी शिवांशु प्रभाकर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर उसके घर के गैरेज से हाल ही में चोरी हुई एनआईजे स्कूटी और सेक्टर-04 सिटी सेंटर से पूर्व में चोरी हुई याकुजा कंपनी की इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद कर जब्त कर ली गई। पुलिस के अनुसार आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है।

Verified by MonsterInsights