बाढ़ में व्यवसायी संवाद: बाजार की सुरक्षा और जाम की समस्या पर विधायक, एसडीपीओ व चेयरमैन के साथ मंथन

Live ख़बर

–लाइव ख़बर नेशन || एस०एन०चतुर्वेदी

भवानी चौक पर व्यवसायी संघ की बैठक में उठा सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था का मुद्दा, जनप्रतिनिधियों व पुलिस ने दिया समाधान का भरोसा

पटना/बाढ़, 05 अक्टूबर 2026 : पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल स्थित भवानी चौक के समीप एक मैरिज गार्डन में बाढ़ व्यवसायी संघ की अहम समन्वय बैठक सह व्यवसायी संवाद कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर स्थानीय विधायक डॉ. सियाराम सिंह, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) रामकृष्ण, नगर परिषद के चेयरमैन संजय कुमार तथा बाढ़ थानाध्यक्ष पूर्णेंदु कुमार उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान नगर क्षेत्र में दुकानदारों और कारोबारियों से जुड़ी मूलभूत समस्याओं पर गहन विचार-विमर्श हुआ। संघ के प्रतिनिधियों ने बाजार में लगने वाले भीषण जाम, सुगम यातायात, अपराध नियंत्रण, व्यापारियों की सुरक्षा और कारोबारी हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से रखा। व्यवसायियों ने अधिकारियों से बाजार में सुरक्षा गश्त बढ़ाने और अतिक्रमण मुक्त व्यवस्था बनाने का आग्रह किया।

प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना और समस्याओं के त्वरित निष्पादन का आश्वासन दिया। पुलिस पदाधिकारियों ने व्यापारियों को भयमुक्त माहौल देने और बाजार में पेट्रोलिंग तेज करने की बात कही।

कार्यक्रम में संघ के अध्यक्ष सनी प्रकाश और सामाजिक कार्यकर्ता विक्की हिंदू ने बताया कि जन प्रतिनिधियों व पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों की चिंताओं को दूर करने के लिए ठोस पहल का भरोसा दिया है। वक्ताओं ने व्यापारी एकता और अनुशासन को रेखांकित करते हुए कहा कि बाढ़ के बाजार को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी कारोबारी मिलकर सहयोग करेंगे।

Verified by MonsterInsights