–लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव
सेक्टर-2 प्रधान डाकघर में द्विवार्षिक अधिवेशन संपन्न, जर्जर भवन की मरम्मत व हेल्थ कार्ड की उठी मांग
बोकारो, 05 अक्टूबर: अखिल भारतीय डाक कर्मचारी संघ ग्रुप-सी (बोकारो) का द्विवार्षिक अधिवेशन सेक्टर-2 स्थित प्रधान डाकघर परिसर में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। खुले सत्र का विधिवत उद्घाटन रांची से पहुंचे सर्किल सेक्रेटरी पुरंजय कुमार ने किया। इस दौरान डाक कर्मियों के अधिकारों के संरक्षण, कार्यस्थल की चुनौतियों और संगठन की मजबूती पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। अधिवेशन में मुख्य रूप से प्रधान डाकघर के जर्जर भवन की अविलंब मरम्मत कराने और सभी कर्मियों के लिए जल्द हेल्थ कार्ड जारी करने की मांग पुरजोर तरीके से उठाई गई।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पुरंजय कुमार ने कहा कि कर्मचारियों के अधिकारों की हिफाजत और न्यायोचित मांगों को मनवाने के लिए आपसी एकजुटता सबसे बड़ी ताकत है। एक सशक्त संगठन के दम पर ही कर्मियों की आवाज को उच्च प्रबंधन तक मजबूती से पहुंचाया जा सकता है। अधिवेशन के अंतिम सत्र में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का चुनाव संपन्न हुआ। इसमें संतोष कुमार को अध्यक्ष और अजय कुमार को सचिव चुना गया। इसके साथ ही एचएन सिंह, सुनील कुमार और उत्तम मिश्रा को उपाध्यक्ष, गुलशन कुमार को उप सचिव, डीएन नायक को कोषाध्यक्ष और मनोज कुमार को सहायक कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। नवचयनित सचिव अजय कुमार ने कर्मियों के भरोसे के लिए आभार जताते हुए कहा कि कर्मचारियों के लंबित मुद्दों का त्वरित समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। कार्यक्रम का संचालन प्रकाश रंजन ने किया, जिसमें प्रकाश कुमार, इंद्रजीत पांडेय, सुनील कुमार, सतीश कुमार समेत कई डाक कर्मी मौजूद रहे।
