-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव
कुलदीप महतो ने जीता गोल्ड और सिल्वर मेडल, पुरुष टीम ने कांस्य पदक पर साधा सटीक निशाना
बोकारो, 06 अक्टूबर: वेदांता ईएसएल आर्चरी अकादमी के उभरते तीरंदाजों ने दुमका के करमदाधानी स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, आर्चरी अकादमी में 2 से 4 अक्टूबर तक आयोजित 17वीं झारखंड राज्य जूनियर तीरंदाजी चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले और अकादमी का मान बढ़ाया है। बोकारो जिले का प्रतिनिधित्व कर रहे इन खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत और टीम दोनों वर्गों में पदकों पर कब्जा जमाया।
चैंपियनशिप के दौरान कुलदीप महतो ने जूनियर इंडियन राउंड पुरुष व्यक्तिगत ओलंपिक राउंड में शानदार खेल दिखाते हुए फाइनल मुकाबला 7–3 से अपने नाम किया और स्वर्ण पदक जीतकर स्टेट चैंपियन बने। इसके अलावा उन्होंने जूनियर इंडियन राउंड क्वालिफिकेशन (2×30 मीटर) स्पर्धा में 667 के शानदार स्कोर के साथ रजत पदक भी हासिल किया। वहीं जूनियर इंडियन राउंड पुरुष टीम स्पर्धा में बोकारो जिला टीम ने 6–2 से जीत दर्ज कर कांस्य पदक अपने नाम किया। पदक विजेता टीम में वेदांता ईएसएल आर्चरी अकादमी के कुलदीप महतो, राहुल महतो और संदीप महतो शामिल रहे।

खिलाड़ियों की इस बड़ी उपलब्धि पर ईएसएल स्टील लिमिटेड के सीईओ एवं पूर्णकालिक निदेशक रवीश शर्मा ने बधाई देते हुए कहा कि युवाओं की लगन, कड़े अभ्यास और अनुशासन ने यह गौरव दिलाया है। उन्होंने दोहराया कि कंपनी जमीनी स्तर पर ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आधुनिक संसाधन, कोचिंग और बेहतर मंच उपलब्ध कराकर उन्हें राष्ट्रीय पटल पर स्थापित करने के लिए निरंतर संकल्पित है।
