–लाइव ख़बर नेशन || एस०एन०चतुर्वेदी
बिहार विश्वविद्यालय के रसायन विभाग के लिए 30 लाख की एफडी से स्थायी व्यवस्था, डॉ. महाचंद्र बोले- ‘प्रतिभा आर्थिक अभाव की मोहताज न रहे’
पटना, 08 अक्टूबर 2026 : बिहार विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र एवं पूर्व प्राध्यापक रहे वरिष्ठ राजनेता व शिक्षाविद डॉ. महाचंद्र प्रसाद सिंह ने अपने ही मातृ-विभाग के मेधावी विद्यार्थियों के प्रोत्साहन के लिए एक अनूठी और प्रेरक पहल की है। उन्होंने बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के रसायनशास्त्र (केमिस्ट्री) विभाग के होनहार छात्र-छात्राओं के लिए “डॉ. महाचंद्र प्रसाद सिंह मेधा छात्रवृत्ति योजना” की विधिवत शुरुआत की है।
इस योजना के तहत रसायनशास्त्र विभाग के शीर्ष 5 टॉपर्स को प्रत्येक वर्ष 25-25 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान कर प्रोत्साहित किया जाएगा। इस पहल को स्थायी और निर्बाध रूप से संचालित करने के उद्देश्य से 30 लाख रुपये की सावधि जमा (FD) कराई गई है, जिससे मिलने वाले वार्षिक ब्याज की राशि से विद्यार्थियों को भविष्य में भी नियमित रूप से छात्रवृत्ति मिलती रहेगी।
योजना की शुरुआत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए डॉ. महाचंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि जिस विभाग में उन्होंने एक छात्र के रूप में अध्ययन किया और बाद में शिक्षक बनकर नई पीढ़ी को संवारने का अवसर मिला, उसी विभाग के लिए कुछ कर पाना उनके लिए आत्मिक संतोष का विषय है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कोई भी प्रतिभा केवल आर्थिक संसाधनों के अभाव में आगे बढ़ने से वंचित नहीं रहनी चाहिए। समय पर मिला प्रोत्साहन विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, शोध और नवाचार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छूने का संबल देता है। उन्होंने कहा कि यह छात्रवृत्ति सिर्फ आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि युवाओं की मेधा, परिश्रम और लगन का सच्चा सम्मान है।
