–लाइव ख़बर नेशन || एस०एन०चतुर्वेदी
गायन, वादन, नृत्य और वक्तृता में युवाओं ने बिखेरी प्रतिभा की छटा; डीएम बोले- समृद्ध विरासत से नई पीढ़ी को जोड़ते हैं ऐसे आयोजन
पटना/समस्तीपुर, 08 अक्टूबर 2026 : समस्तीपुर कॉलेज परिसर में कला, संस्कृति एवं युवा विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा उत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। इस सांस्कृतिक महाकुंभ का उद्घाटन जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने दीप प्रज्वलित कर विधिवत किया। उद्घाटन सत्र के दौरान समस्तीपुर जिले के विभिन्न प्रखंडों और शिक्षण संस्थानों से पहुंचे कलाकारों, छात्र-छात्राओं और कला प्रेमियों में भारी उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने कहा कि कला और संस्कृति हमारी गौरवशाली विरासत, ऐतिहासिक परंपराओं और सामाजिक पहचान का मूल आधार हैं। उन्होंने कहा कि कला सिर्फ मनोरंजन का जरिया नहीं है, बल्कि यह समाज में सांस्कृतिक समरसता बनाए रखने, नैतिक मूल्यों को सहेजने और युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने प्रतिभागियों की हौसलाअफजाई करते हुए पूरे आत्मविश्वास, लगन और अनुशासन के साथ मंच पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

दो दिवसीय इस युवा उत्सव के दौरान शास्त्रीय व सुगम गायन, वादन, लोक व शास्त्रीय नृत्य तथा वक्तृता (भाषण) सहित कई विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। प्रतिभागियों ने सुर, लय और ताल के संगम से मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। मंच का संचालन अनंत कुमार राय ने अपने चिर-परिचित प्रभावी अंदाज में किया।
समारोह में अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी जूही कुमारी, विशेष कार्य पदाधिकारी अली एकराम, उत्पाद अधीक्षक मनोज कुमार सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रजनीश कुमार राय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी जूही कुमारी ने आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस मंच के जरिए जिले की ग्रामीण और शहरी छुपी हुई प्रतिभाओं को राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।
