–लाइव ख़बर नेशन || एस०एन०चतुर्वेदी
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जिलों के डीएम व एसपी को दिए गए दिशा-निर्देश, सांप्रदायिक सौहार्द और भीड़ नियंत्रण पर विशेष जोर
पटना, 08 अक्टूबर 2026 : दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित तथा सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से राज्य स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की गई। बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत एवं पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) श्रीमती प्रीता वर्मा की संयुक्त अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान राज्य भर में विधि-व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने, सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने और पूजा पंडालों व विसर्जन स्थलों पर श्रद्धालुओं तथा आम नागरिकों की सुविधा सुनिश्चित करने से जुड़ी तैयारियों का बिंदुवार जायजा लिया गया। शीर्ष अधिकारियों ने फील्ड में तैनात प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समीक्षा बैठक में गृह विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार के अलावा राज्य के सभी प्रमंडलीय आयुक्त, विभिन्न रेंज के आईजी व डीआईजी, सभी जिलों के जिलाधिकारी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।
बैठक में असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने, सोशल मीडिया की 24 घंटे सघन मॉनिटरिंग करने, संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल व दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करने और यातायात प्रबंधन को सुगम बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए गए। सभी अधिकारियों ने आपसी समन्वय स्थापित करते हुए दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व को पूरी तरह शांति, गरिमा और सौहार्द के साथ संपन्न कराने का सामूहिक संकल्प दोहराया।
