–लाइव ख़बर नेशन || राजेश मोहन सहाय
प्रशासनिक टीम ने घटनास्थल को बताया सुरक्षित, परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा, जांच जारी
बोकारो, 11 अक्टूबर 2026: चंदनकियारी थाना क्षेत्र अंतर्गत सियालजोड़ी स्थित वेदांता ईएसएल स्टील प्लांट में ड्यूटी के दौरान जहरीली गैस के संपर्क में आने से दो कर्मियों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में कंपनी के एक एग्जीक्यूटिव और बिजनेस पार्टनर के एक इंजीनियर शामिल हैं, जिनकी पहचान समीर अंसारी और सोहन महतो के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद दोनों को प्राथमिक जांच के उपरांत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दुखद हादसे के बाद संयंत्र परिसर और स्थानीय क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।

हादसे पर आधिकारिक बयान जारी करते हुए ईएसएल स्टील लिमिटेड के प्रवक्ता ने दोनों कर्मियों के असामयिक निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है तथा शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि इस संकट की घड़ी में पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता और सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए स्वतंत्र जांच कराने और उसके निष्कर्षों के आधार पर आवश्यक कदम उठाने की घोषणा की है।
इधर, सूचना मिलते ही बोकारो के उप मुख्य कारखाना निरीक्षक (डिप्टी चीफ इंस्पेक्टर ऑफ फैक्ट्रीज) और चास के कार्यपालक दंडाधिकारी ने संयंत्र की तकनीकी टीम के साथ घटनास्थल का मुआयना किया। प्राथमिक आकलन के बाद अधिकारियों ने संबंधित स्थल को सुरक्षित घोषित कर दिया है। बताया गया है कि घटना के वक्त नियमित परिचालन प्रक्रिया के तहत कार्य चल रहा था, हालांकि गैस के संपर्क में आने के सटीक तकनीकी कारणों की अभी पुष्टि नहीं हो पाई है। प्रशासनिक और तकनीकी स्तर पर मामले की सघन जांच जारी है।
