कॉमेडियन वीआईपी की हास्य प्रस्तुतियों से लोटपोट हुए दर्शक, ठहाकों से गूंजा मैदान

Live ख़बर

–लाइव ख़बर नेशन || एस०एन०चतुर्वेदी

बॉलीवुड अभिनेताओं की मिमिक्री और चुटीले अंदाज ने बांधा समां, दर्शकों की भारी भीड़ ने तालियों से बढ़ाया उत्साह

पटना, 13 अक्टूबर 2026 : ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित दशहरा महोत्सव के दूसरे दिन सोमवार की शाम हास्य, मनोरंजन और ठहाकों के नाम रही। मशहूर हास्य कलाकार विजय ईश्वरलाल पवार उर्फ वीआईपी ने अपनी खास शैली, चुटीले व्यंग्य और लाजवाब मिमिक्री से हजारों दर्शकों को लोटपोट कर दिया। उनकी प्रस्तुतियों के दौरान पूरा गांधी मैदान लगातार तालियों की गड़गड़ाहट और ठहाकों से गूंजता रहा।

कॉमेडियन वीआईपी ने मंच संभालते ही बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेताओं की आवाज, भाव-भंगिमा और संवाद अदायगी की ऐसी जीवंत नकल प्रस्तुत की कि लोग दांतों तले अंगुली दबाने पर मजबूर हो गए। एक के बाद एक कई फिल्मी हस्तियों के अंदाज़ में प्रस्तुत किए गए संवादों ने हर वर्ग के दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

महोत्सव के दौरान गांधी मैदान में भारी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। बच्चों से लेकर युवाओं और बुजुर्गों तक, सभी ने इस हास्य संध्या का खुलकर आनंद उठाया। वीआईपी की सहज अभिव्यक्ति, हाजिरजवाबी और धारदार हास्यबोध ने दर्शकों को कार्यक्रम के अंत तक बांधे रखा। लोक संस्कृति के साथ-साथ हास्य के इस तड़के ने दशहरा महोत्सव की रंगत को और अधिक बढ़ा दिया।

Verified by MonsterInsights