बुंडू के पांचा में अर्बन कंपनी कर्मियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी: हक मिलने तक डटे रहने का आह्वान

Live ख़बर

–लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव

कर्मचारियों की एकता ही सबसे बड़ी ताकत, प्रबंधन करे मांगों का सम्मानजनक समाधान: ललित कुमार महतो

बुंडू, रांची, 15 अक्टूबर 2026: रांची जिले के बुंडू प्रखंड अंतर्गत पांचा स्थित अर्बन कंपनी के कर्मियों का आंदोलन तेज हो गया है। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कर्मचारियों की हड़ताल गुरुवार को लगातार दूसरे दिन भी जारी रही। कार्य बहिष्कार कर धरने पर बैठे कर्मियों ने प्रबंधन के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। इस आंदोलन को समर्थन देते हुए केन्द्रीय अध्यक्ष ललित कुमार महतो ने कर्मचारियों की एकजुटता की सराहना की और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।

कर्मचारियों का हौसला बढ़ाते हुए ललित कुमार महतो ने कहा कि कर्मचारियों की एकता ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी और ताकत है। कोई भी संघर्ष एक दिन में पूरा नहीं होता, लेकिन जब अपने हक और अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती के साथ लड़ी जाती है, तो प्रबंधन को झुकना ही पड़ता है। उन्होंने संघर्षरत महिला कर्मियों का विशेष रूप से उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे बिना डरे अपनी मांगों पर अडिग रहें।

उन्होंने नेताओं के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि अक्सर लोग केवल अपना चेहरा चमकाने आते हैं और चले जाते हैं, जबकि कर्मियों की समस्याएं जस की तस रह जाती हैं। ऐसे में अपने अधिकारों की रक्षा के लिए कर्मचारियों को खुद आगे आकर एकजुट होना पड़ेगा, क्योंकि अधिकार मांगने से नहीं बल्कि संगठित होकर आवाज उठाने से मिलते हैं। उन्होंने प्रबंधन से हठधर्मिता छोड़कर कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और उनकी सभी जायज मांगों का तत्काल सम्मानजनक समाधान निकालने की मांग की।

Verified by MonsterInsights