-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव
मासूम की गोली मारकर हत्या का आरोपी रिमांड के बाद जेल भेजा गया, शादी का झांसा देकर भाग रहा दुष्कर्मी भी दबोचा गया
बोकारो, 27 अक्टूबर 2026 : माराफारी थाना क्षेत्र में घटित दो अलग-अलग गंभीर अपराधों में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी संजय कुमार और उनकी टीम को उल्लेखनीय कामयाबी मिली है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार चलाए गए सघन अभियान में 3.5 वर्षीय बालक की हत्या के मामले में रिमांड पर लिए गए मुख्य आरोपी को पूछताछ पूरी होने पर जेल भेज दिया गया, जबकि शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने और गुपचुप दूसरी शादी रचाने जा रहे एक अन्य वांछित को भी पुलिस ने समय रहते दबोच लिया।

पहले मामले में, बीते 17 अक्टूबर को कर्नल मार्केट (रांची मोहल्ला) में गोलीबारी के दौरान 3.5 साल के मासूम की मौत हो गई थी, जिस पर माराफारी थाना कांड संख्या 83/2026 दर्ज हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी (मुख्यालय) की अगुवाई में गठित एसआईटी ने घटनास्थल से प्रयुक्त पिस्टल, एक भरी मैगजीन (5 राउंड) तथा एक खाली मैगजीन जब्त की थी। पुलिसिया दबिश के कारण नामजद आरोपी राजेश कुमार (20 वर्ष, पिता विजय राम, निवासी कर्नल मार्केट) ने 23 अक्टूबर को कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था। पुलिस ने 48 घंटे के रिमांड पर लेकर कड़ी पूछताछ की, जिसमें उसने अवैध हथियार व वारदात में संलिप्तता कबूल कर ली। रिमांड अवधि पूरी होने पर उसे जेल भेज दिया गया।

दूसरे मामले में, आजाद नगर की पीड़िता की शिकायत पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में कांड संख्या 82/2026 दर्ज किया गया था। तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने 26 अक्टूबर को धनबाद के मैथन ओपी इलाके से नामजद आरोपी मो. सरफराज (पिता मो. गुलाब, निवासी कचौड़ी मोहल्ला, माराफारी) को धर दबोचा। आरोपी पीड़िता को धोखे में रखकर बंगाल भागकर दूसरी शादी करने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उसे समय रहते गिरफ्तार कर लिया गया।

