संविधान दिवस पर राज्यपाल ने कराया प्रस्तावना का पाठ

Live ख़बर

-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव

लोक भवन में गूँजे संविधान के आदर्श, राज्यपाल ने बच्चों को संविधान सिखाने की अपील की

पटना, 26 नवंबर 2026 – संविधान दिवस के मौके पर आज बिहार लोक भवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने भारत के संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया। इसके बाद सभी ने संविधान के आदर्शों और मूल्यों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में राज्यपाल की सचिव रचना पाटिल के साथ राज्यपाल सचिवालय के सभी अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि संविधान हमारी ताकत है। यह नागरिकों और पूरे समाज को मजबूत बनाता है। उन्होंने कहा कि संविधान के प्रति सम्मान और निष्ठा को सिर्फ औपचारिकता तक सीमित नहीं रखना चाहिए। इसे अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।

राज्यपाल ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को संविधान, लोकतंत्र, नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में समझाएं। इससे आने वाली पीढ़ियों में संविधान के प्रति सम्मान की भावना बनी रहेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि भारत की विविधता ही उसकी ताकत है और संविधान ने इस विविधता को एकता के सूत्र में पिरोया है। उन्होंने ‘टॉलरेंस’ (सहन करने) की जगह ‘एक्सेप्टेंस’ (स्वीकार करने) की भावना पर जोर दिया। यानी एक-दूसरे की संस्कृति, भाषा और इतिहास को खुले मन से अपनाना ज्यादा जरूरी है। राज्यपाल ने सभी को संविधान दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।

राज्यपाल की सचिव रचना पाटिल ने कहा कि संविधान की प्रस्तावना को सिर्फ परीक्षा की तैयारी के लिए पढ़ना काफी नहीं है। इसे जीवन में उतारना जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावना में दिए गए न्याय, स्वतंत्रता, समानता और व्यक्ति की गरिमा के आदर्श फैसले लेने में रास्ता दिखाते हैं। उन्होंने सभी से प्रस्तावना को जीवन में अपनाने और समाज में मेल-जोल, भाईचारा और प्रेम बनाए रखने की अपील की।

कार्यक्रम में राज्यपाल सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी संविधान के महत्व और उसके मूल्यों पर अपने विचार रखे।

Verified by MonsterInsights