-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव
उपायुक्त अजय नाथ झा ने अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश, सूचना तंत्र को मजबूत करने और अफवाहों पर रोक लगाने पर जोर
बोकारो, 28 नवंबर 2026 : औद्योगिक सुरक्षा से लेकर भीड़भाड़ वाले व्यावसायिक क्षेत्रों में संभावित आपात स्थितियों से निपटने की तत्परता को परखने के लिए बोकारो जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में सिविल डिफेंस, एयर रेड, ब्लैक आउट और मॉक एक्सरसाइज को लेकर ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई। बैठक में दिसंबर के प्रथम सप्ताह में चंद्रपुरा स्थित डीवीसी चंद्रपुरा थर्मल पावर स्टेशन (सीटीपीएस) और बोकारो के सेक्टर-4 स्थित सिटी सेंटर में मॉक ड्रिल आयोजित करने पर विस्तार से चर्चा हुई। उपायुक्त ने चास के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) प्रांजल ढांडा को मॉक ड्रिल की तिथि और समय तय करने का निर्देश दिया।
बैठक में उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि आपदा प्रबंधन अभ्यास का उद्देश्य केवल औपचारिकता निभाना नहीं, बल्कि विभिन्न विभागों व एजेंसियों की जमीनी मुस्तैदी, क्विक रिस्पॉन्स क्षमता और आपसी तालमेल को जांचना है। उन्होंने कहा कि बोकारो स्टील प्लांट में पूर्व में औद्योगिक सुरक्षा को लेकर मॉक ड्रिल हो चुकी है। इसी क्रम में इस बार डीवीसी चंद्रपुरा थर्मल पावर प्लांट में अभ्यास कर विद्युत संयंत्र में संभावित आपात स्थितियों से निपटने की तैयारियों का आकलन किया जाएगा। वहीं, सेक्टर-4 सिटी सेंटर में होने वाले मॉक ड्रिल के माध्यम से व्यस्त बाजार क्षेत्र में भीड़ नियंत्रण, सुरक्षित निकासी, अग्निशमन, स्वास्थ्य सेवाओं और संबंधित एजेंसियों की त्वरित प्रतिक्रिया की वास्तविक परीक्षा होगी।
सूचना तंत्र मजबूत करने और छठ अभ्यास की समीक्षा पर जोर
उपायुक्त ने आपात स्थिति में सूचना तंत्र को सुदृढ़ बनाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा या संभावित खतरे के दौरान सटीक व आधिकारिक सूचना का समय पर प्रसारण बेहद जरूरी है, ताकि आम लोगों में अनावश्यक भय या अफवाह न फैले। इसके लिए पुलिस, प्रशासन, नागरिक सुरक्षा, अग्निशमन, स्वास्थ्य और जिला जनसंपर्क कार्यालय के बीच सतत समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया गया। बैठक में छठ पर्व के दौरान हुए आपदा प्रबंधन अभ्यास की समीक्षा भी की गई तथा उससे मिले अनुभवों के आधार पर कमियों को दूर कर बेहतर कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शक्ति कुमार और सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह मौजूद रहे। वहीं ऑनलाइन माध्यम से एसडीओ चास प्रांजल ढांडा, सिविल डिफेंस से डॉ. एस.पी. वर्मा, बीएसएल सिक्योरिटी इंचार्ज आलोक चावला, सिटी डीएसपी राजीव रंजन और जिला अग्निशमन पदाधिकारी भगवान ओझा समेत अन्य अधिकारी जुड़े।

