बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल का एसडीएम कृष्णा जोशी ने किया औचक निरीक्षण, ड्यूटी से गायब डॉक्टरों पर कार्रवाई की चेतावनी

Live ख़बर

–लाइव ख़बर नेशन || एस०एन०चतुर्वेदी

प्रसव वार्ड से डॉक्टर के नदारद रहने पर भड़कीं एसडीएम; रोस्टर में लापरवाही पर दी अंतिम चेतावनी, जांच शुरू

पटना/बाढ़, 13 अक्टूबर 2026 : बाढ़ अनुमंडल पदाधिकारी कृष्णा जोशी ने सोमवार की सुबह बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। शनिवार की देर रात अस्पताल के प्रसव विभाग में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक के नदारद रहने की सूचना मिलने के बाद एसडीएम ने यह कड़ा रुख अपनाया है। बताया गया कि चिकित्सक के मौजूद न होने के कारण एक प्रसूता को घंटों इंतजार करना पड़ा और अंततः परिजनों को मजबूरी में निजी अस्पताल का रुख करना पड़ा।

करोड़ों रुपये की लागत से नवनिर्मित अत्याधुनिक अनुमंडलीय अस्पताल में इस प्रकार की घोर लापरवाही सामने आने पर एसडीएम कृष्णा जोशी ने अस्पताल में पदस्थापित सभी चिकित्सकों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने चिकित्सकों को सख्त हिदायत देते हुए अंतिम चेतावनी दी कि भविष्य में रोस्टर ड्यूटी के दौरान किसी भी तरह की अनुपस्थिति या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसा दोबारा पाए जाने पर संबंधित चिकित्सक के विरुद्ध निलंबन सहित कठोर कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। शनिवार की रात रोस्टर के अनुसार अनुपस्थित रहने वाले चिकित्सक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

हाल ही में एसडीएम की अध्यक्षता में संपन्न हुई रोगी कल्याण समिति की बैठक में भी अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने पर चर्चा हुई थी। करोड़ों की लागत से अस्पताल भवन बनने के बावजूद चिकित्सकों की मनमानी और व्यवस्था में खामियों के चलते आम मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। आम जनता के हितों को देखते हुए एसडीएम ने स्पष्ट किया है कि अस्पताल के कामकाज पर लगातार सीधी निगरानी रखी जाएगी और व्यवस्था में कोताही बरतने वाले कर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा।

Verified by MonsterInsights