– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
नागपुर में भारतीय डाक विभाग के समारोह में सरसंघचालक मोहन भागवत बोले- डॉ. हेडगेवार का संपूर्ण जीवन राष्ट्र और संगठन को समर्पित था
नागपुर, 31 जुलाई। भारतीय डाक विभाग, नागपुर द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के ऐतिहासिक निवास “डॉ. हेडगेवार निवास, नागपुर” पर आधारित विशेष आवरण (Special Cover), सूचना पुस्तिका (Brochure) तथा स्थायी सचित्र डाक मुहर (Permanent Pictorial Cancellation) का लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एक-दूसरे से अभिन्न हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. हेडगेवार के जीवन में संघ कार्य और राष्ट्र कार्य के अतिरिक्त कोई दूसरा विषय नहीं था। उन्होंने स्मरण कराया कि इसी ऐतिहासिक भवन की ऊपरी मंजिल स्थित कक्ष में विजयादशमी के दिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना हुई थी।
डॉ. भागवत ने कहा कि स्थापना के समय संघ का कार्य सीमित था, लेकिन आज उसका विस्तार देश के साथ-साथ विदेशों तक हो चुका है। उन्होंने कहा कि विभिन्न देशों में संघ की कार्यपद्धति के प्रति निरंतर उत्सुकता बढ़ रही है और व्यक्ति निर्माण पर आधारित यह पद्धति अनेक समाजों के लिए उपयोगी सिद्ध हो रही है।
Follow this link to JOIN our WhatsApp Community
उन्होंने कहा कि संघ के कार्य का विस्तार गौरव का विषय होने के साथ-साथ जिम्मेदारी और उत्तरदायित्व भी बढ़ाता है। उनके अनुसार संघ ने कभी प्रचार या प्रसिद्धि की अपेक्षा नहीं की, लेकिन आज समाज और विश्व उसके कार्यों के परिणामों को देखकर सहयोग के लिए आगे आ रहे हैं।
भारतीय डाक विभाग का आभार व्यक्त करते हुए डॉ. भागवत ने कहा कि विशेष आवरण, सूचना पुस्तिका और स्थायी सचित्र डाक मुहर जारी कर विभाग ने व्यक्ति निर्माण और राष्ट्रसेवा के इस कार्य के प्रति अपनी सद्भावना व्यक्त की है। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे संघ के कार्य और उद्देश्यों की जानकारी अधिक लोगों तक पहुंचेगी तथा राष्ट्रहित में चरित्रवान, सक्षम और सेवाभावी नागरिकों के निर्माण के प्रयासों को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में सह प्रांत संघचालक श्रीधर गाडगे, महानगर संघचालक राजेश लोया, डॉ. सुधीर जाखेरे, डाक सेवाएं, नागपुर क्षेत्र के निदेशक रामचंद्र जायभाये, महाराष्ट्र एवं गोवा परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, डाक विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा डॉ. हेडगेवार स्मारक समिति, नागपुर के सदस्य उपस्थित रहे।

