सांस्कृतिक विविधता कार्यशाला का सिद्धि समारोह आयोजित

Live ख़बर

– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

16 राज्यों के 115 शिक्षकों ने लिया हिस्सा, भारतीय संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन का लिया संकल्प

उदयपुर | 23 अगस्त 2026: सांस्कृतिक स्रोत एवं प्रशिक्षण केंद्र (सीसीआरटी) के क्षेत्रीय केंद्र, उदयपुर में कक्षा 1 से 12 तक के सेवारत शिक्षकों के लिए आयोजित 10 दिवसीय ‘हमारी सांस्कृतिक विविधता’ विषयक कार्यशाला का सिद्धि समारोह आयोजित किया गया। कार्यशाला में 16 राज्यों के 115 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया।

समारोह की शुरुआत प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों द्वारा तैयार की गई शिल्प कलाओं, पाठ योजनाओं और परियोजना कार्यों की प्रदर्शनी से हुई। प्रदर्शनी में शिक्षकों ने प्रशिक्षण के दौरान सीखे विभिन्न रचनात्मक कार्यों को प्रस्तुत किया।

क्षेत्राधिकारी अभीक सरकार ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए शिक्षण कार्य में नवाचार अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कार्यशाला में सीखे गए तरीकों को विद्यालयों में लागू कर शिक्षक विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति के मूल तत्वों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

समारोह के दौरान विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों ने कार्यशाला की गतिविधियों और अपने अनुभव साझा किए। प्रतिभागियों ने कार्यशाला से प्राप्त ज्ञान को विद्यालयों में विद्यार्थियों तक पहुंचाने तथा भारतीय संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।

प्रतिभागियों ने विद्यालयों में सांस्कृतिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सीसीआरटी की ओर से किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की।