परिया पोखर में जलेंगे 5001 दीप, सेवा संकल्प अभियान को लेकर डीएम ने दिए निर्देश

Live ख़बर

एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, 868 विद्यालयों और नगर निकायों में होगा भव्य दीप प्रज्वलन

लखीसराय, 18 सितंबर 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा एवं समर्पण तथा ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प के तहत जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक “सेवा संकल्प अभियान” का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में लखीसराय समाहरणालय में जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित कर परिया पोखर में 5001 दीप प्रज्वलन सहित जिले भर के कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

परिया पोखर पर मनेगा दीपोत्सव, होगी ड्रोन से वीडियोग्राफी

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि परिया पोखर में निर्धारित 5001 दीपों का प्रज्वलन जीविका, नगर परिषद एवं आईसीडीएस के आपसी समन्वय से चरणबद्ध ढंग से कराया जाए। कार्यक्रम के दस्तावेजीकरण और व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए ड्रोन कैमरे से फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कराई जाएगी। इसके अलावा जिले के सभी 868 विद्यालयों में सात दिवसीय चरण बनाकर तिथि-वार और विभाग-वार दीप प्रज्वलन कराने की योजना तैयार की गई है।

प्रमुख स्थलों पर दीपोत्सव और निगरानी व्यवस्था

अभियान के तहत नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इसके अंतर्गत नगर भवन में 101 दीप, सम्राट भवन में 101 दीप, शहीद स्थल पर 51 दीप, पंजाबी मोहल्ला स्थित वृद्धाश्रम में 51 दीप, विद्यापीठ चौक स्थित विवाह भवन में 51 दीप और रैन बसेरा में 51 दीप जलाए जाएंगे। ग्रामीण स्तर पर प्रत्येक पंचायत में प्रज्वलित दीपों की संख्या का ब्योरा दर्ज होगा। इस कार्य के लिए पंचायत सचिव को नोडल पदाधिकारी तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को सुपर नोडल पदाधिकारी बनाया गया है।

बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता राहुल कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी नीरज कुमार, वरीय उप समाहर्ता शशि कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पम्मी रानी, नजारत उप समाहर्ता प्राची कुमारी तथा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार सहित अन्य अधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights