–लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव
स्वापक नियंत्रण ब्यूरो और पटना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, रांची से पार्सल के जरिए मंगाई गई थी खेप
पटना, 05 अक्टूबर: राजधानी पटना में नशीले कफ सिरप के अवैध कारोबार के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी सफलता हासिल की है। मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (NCB) की विशेष टीम और पटना पुलिस ने संयुक्त छापेमारी करते हुए फतुहा थाना क्षेत्र से 2,285 लीटर प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया है। जब्त की गई इस प्रतिबंधित खेप का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 20 लाख रुपये आंका गया है।

ब्यूरो के विशेष अभियान दल को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड की राजधानी रांची से पार्सल के माध्यम से नशीली दवाओं की एक बड़ी खेप पटना पहुंचाई गई है। सूचना की पुष्टि होते ही टीम ने पटना पुलिस के साथ मिलकर फतुहा इलाके में जाल बिछाया और पार्सल को अपने कब्जे में लेकर जांच की। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप बरामद हुआ, जिसे अवैध रूप से नशे के उद्देश्य से खपाने की तैयारी थी। जांच एजेंसियों ने इस मामले में विधिवत प्राथमिकी दर्ज कर ली है और इस अंतरराज्यीय सिंडिकेट से जुड़े सप्लायरों व रिसीवरों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
