बोकारो में शुरू हुई ‘पीटर थंगराज मेमोरियल’ फुटबॉल चैंपियनशिप

Live ख़बर

Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

एशिया के सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर पीटर थंगराज की स्मृति में आयोजित प्रतियोगिता में आठ ग्रामीण टीमें ले रहीं हिस्सा

बोकारो, 29 जुलाई। बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) के क्रीड़ा एवं नागरिक सुविधाएं विभाग के तत्वावधान में बुधवार से ‘पीटर थंगराज मेमोरियल’ ग्रामीण युवा फुटबॉल चैंपियनशिप 2026-27 का शुभारंभ हुआ। ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने, युवाओं में खेल भावना विकसित करने तथा सामुदायिक सहभागिता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित यह प्रतियोगिता 29 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक चलेगी।

चैंपियनशिप का उद्घाटन बीएसएल के निदेशक प्रभारी ने संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में किया। यह टूर्नामेंट बोकारो इस्पात संयंत्र के पूर्व कर्मचारी (1976-1997), अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित पूर्व ओलंपियन फुटबॉलर तथा वर्ष 1958 में ‘एशिया के सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर’ चुने गए स्वर्गीय पीटर थंगराज की स्मृति को समर्पित है।

प्रतियोगिता में बोकारो ग्रामीण फुटबॉल चैंपियनशिप 2025-26 की क्वार्टर फाइनलिस्ट आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें भर्रा एकादश, तुपकाडीह, परटांड, झोपड़ो, नरकरा, राधानगर, शिबूटांड़ और सेल फुटबॉल अकादमी की टीमें शामिल हैं।

Follow this link to JOIN our WhatsApp Community

राउंड ऑफ-8 में रोमांचक मुकाबले

प्रतियोगिता का आगाज राउंड ऑफ-8 के मुकाबलों से हुआ, जिसमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। पहले मुकाबले में भर्रा ने नरकरा को 2-1 से हराया। दूसरे मैच में सेल फुटबॉल अकादमी ने तुपकाडीह पर 9-0 की एकतरफा जीत दर्ज कर अपनी दावेदारी मजबूत की। तीसरे मुकाबले में परटांड ने झोपड़ो को 2-0 से पराजित किया, जबकि चौथे मैच में राधानगर ने शिबूटांड़ को 2-1 से शिकस्त दी।

अब 31 जुलाई को दोनों ग्रुपों की शीर्ष टीमों के बीच सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि 1 अगस्त 2026 को चैंपियनशिप का बहुप्रतीक्षित फाइनल मैच आयोजित होगा। खेल प्रेमियों की निगाहें अब सेमीफाइनल और खिताबी मुकाबले पर टिकी हैं, जहां रोमांचक संघर्ष देखने की उम्मीद है।