लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव
पांच परगना फाइटर्स ने खोला मोर्चा, पूर्व मंत्री राजा पीटर की सक्रियता से गरमाया मुद्दा
तमाड़/रांची, 02 अक्टूबर: राजधानी रांची और औद्योगिक नगरी जमशेदपुर (टाटा) के बीच सीधी रेल सेवा शुरू करने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। लंबे समय से लंबित रांची–टाटा रेल मार्ग को लेकर स्थानीय निवासियों में गहरा असंतोष देखा जा रहा है। तमाड़ के पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री राजा पीटर की पहल के बाद अब स्थानीय सामाजिक संगठन भी लामबंद होने लगे हैं, जिससे यह मुद्दा पूरी तरह गरमा गया है।
वर्तमान में रांची और जमशेदपुर के बीच यात्रा का मुख्य जरिया राष्ट्रीय राजमार्ग-33 (NH-33) है। इस मार्ग पर भारी वाहनों की अत्यधिक आवाजाही के कारण तमाड़, बुंडू और निकटवर्ती क्षेत्रों में आए दिन भीषण सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। सीधी और सुरक्षित रेल सुविधा के अभाव में प्रतिदिन हजारों यात्रियों को अपनी जान जोखिम में डालकर बस या निजी वाहनों से सफर करना पड़ता है।
इस गंभीर स्थिति पर कड़ा रुख अपनाते हुए ‘पांच परगना फाइटर्स’ के केंद्रीय अध्यक्ष ललित कुमार महतो ने चेतावनी दी है कि क्षेत्र के लोग अब केवल आश्वासनों पर चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने कहा कि सीधी रेल सेवा शुरू होने से आम जनता को सुरक्षित और सुगम यात्रा का विकल्प मिलेगा, साथ ही NH-33 पर भारी वाहनों का दबाव और सड़क दुर्घटनाओं की संख्या भी घटेगी। उन्होंने दो टूक कहा कि यदि सरकार और रेल प्रशासन ने जल्द ही इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से सड़कों पर उतरकर व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगा।
