Anjaan Jee : Editor in Chief & Publisher
रोहतास, 24 अप्रैल 2026
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार की कार्रवाई में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। ब्यूरो की टीम ने प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी जनार्दन कुमार को 10,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई निगरानी थाना कांड संख्या 049/26, दिनांक 22 अप्रैल 2026 के तहत की गई। आरोपी को राजपुर थाना क्षेत्र स्थित न्यू रॉयल हॉस्पिटल के पास सड़क किनारे से रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया।
मामले में परिवादी प्रशांत कुमार द्वारा निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि धान अधिप्राप्ति के तहत पैक्स के भौतिक सत्यापन के बाद प्रतिवेदन भेजने के बदले आरोपी द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी।
ब्यूरो ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक अखिलेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष धावा दल का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी को रंगेहाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तार पदाधिकारी से पूछताछ की जा रही है। इसके बाद उसे विशेष निगरानी न्यायालय, पटना में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।
