Anjaan Jee : Editor in Chief & Publisher
पटना, 28 नवंबर 2025 : आज बापू टावर और अरविंद महिला कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में एक आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन अरविंद महिला कॉलेज, पटना के सभागार में किया गया। कार्यक्रम का विषय था – महात्मा गांधी और युवा। इसमें मुख्य वक्ता कॉलेज की प्राचार्या प्रो. साधना ठाकुर थीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता हिंदी विभाग के प्रो. शिवनारायण ने की।
बापू टावर पटना के निदेशक, आईएएस श्री विनय कुमार ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि गांधीजी ने सत्य और अहिंसा को प्रतिरोध का प्रभावी हथियार बनाया और देश को स्वतंत्रता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने बापू टावर द्वारा आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी भी दी।
मुख्य वक्ता प्रो. साधना ठाकुर ने गांधीजी के छात्र जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि युवा उनके जीवन से अनेक प्रेरणाएँ ले सकते हैं। अध्यक्षता करते हुए प्रो. शिवनारायण ने कहा कि आज गांधी के विचारों और उनके मूल्यों को बार-बार याद करने और जीवन में अपनाने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम का स्वागत वक्तव्य बापू टावर के उपनिदेशक श्री ललित कुमार सिंह ने दिया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अवर सचिव श्री अरुण कुमार पाठक ने प्रस्तुत किया। संचालन सहायक प्रशाखा पदाधिकारी प्रत्यूष चंद्र मिश्र ने किया।
कार्यक्रम में अरविंद महिला कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्राओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
