– रंजीत प्रसाद सिन्हा की रिपोर्ट
नई कार्यकारिणी ने संभाला दायित्व, समाजसेवा और महिला सशक्तिकरण के कार्यों को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प
पटना, 28 जुलाई 2026। इनर व्हील क्लब ऑफ आम्रपाली पटना का 35वां स्थापना दिवस समारोह बोरिंग रोड स्थित रोटी रेस्टोरेंट एंड बैंक्वेट हॉल में उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। समारोह के दौरान क्लब की नई कार्यकारिणी ने पदभार ग्रहण किया तथा समाजसेवा एवं महिला सशक्तिकरण के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
नई कार्यकारिणी में सुजाता कुमारी ने अध्यक्ष, उषा रानी सिंह ने सचिव, मीनाक्षी सिंह ने कोषाध्यक्ष, उषा किरण ने आईएसओ तथा अनामिका प्रियदर्शी ने संपादिका का दायित्व संभाला।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि क्लब की संस्थापिका डॉ. गायत्री सिंह रहीं। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष (पीडीसी) सरिता प्रसाद, सुनीता जायसवाल, दीप्ति सहाय, निवर्तमान क्लब अध्यक्ष चंदा सिंह सहित क्लब की सदस्याएं एवं कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने क्लब की 35 वर्षों की गौरवशाली यात्रा को रेखांकित किया। उन्होंने सामाजिक सेवा, महिला सशक्तिकरण और जनकल्याण के क्षेत्र में क्लब द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यों की सराहना करते हुए नई कार्यकारिणी से सेवा गतिविधियों को नई ऊर्जा और व्यापकता के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। वहीं सामाजिक दायित्व निभाते हुए क्लब की ओर से जरूरतमंद लोगों के बीच छाता, चादर, तौलिया, सोलर लाइट सहित अन्य आवश्यक उपयोगी सामग्री का वितरण किया गया।
समारोह के अंत में नई कार्यकारिणी ने समाजसेवा, महिला सशक्तिकरण एवं जनहित के कार्यों को निरंतर गति देने का संकल्प दोहराया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

