पूर्व निदेशक (तकनीकी) ज्वाला प्रसाद का निधन, उद्योग जगत में शोक की लहर

Live ख़बर

Anjaan Jee : Editor in Chief & Publisher

राँची | 11 फरवरी 2026

एसईसीएल, बिलासपुर से निदेशक (तकनीकी) पद से अक्टूबर 2004 में सेवानिवृत्त हुए ज्वाला प्रसाद का 10 फरवरी 2026 को कांके रोड स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। उनके निधन से खनन एवं ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े लोगों के बीच गहरा शोक व्याप्त है।

ज्वाला प्रसाद अपने मित्रों और सहकर्मियों के बीच एक विनम्र, सहृदय और सहयोगी व्यक्तित्व के रूप में पहचाने जाते थे। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा नेतारहाट विद्यालय से प्राप्त की तथा आगे की पढ़ाई आईएसएम, धनबाद (वर्तमान आईआईटी धनबाद) से की। अपने पेशेवर जीवन में उन्होंने सीसीएल और सीएमपीडीआई जैसी प्रमुख संस्थाओं में लंबे समय तक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।

रांची से उनका विशेष जुड़ाव रहा और उन्होंने अपने जीवन का एक बड़ा हिस्सा यहीं व्यतीत किया। सेवानिवृत्ति के बाद भी वे सामाजिक और व्यावसायिक संबंधों से सक्रिय रूप से जुड़े रहे।

अपने पीछे वे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

उनके अंतिम सम्मान में नेतारहाट स्कूल के मित्रों तथा सीसीएल और सीएमपीडीआई के सहकर्मियों ने एकत्रित होकर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान एवं व्यक्तित्व को स्मरण किया।

ज्वाला प्रसाद का निधन न केवल उनके परिवार, बल्कि औद्योगिक एवं शैक्षणिक जगत के लिए भी एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।