स्वच्छता पखवाड़ा-2026 का शुभारंभ, सीसीएल कर्मियों ने लिया स्वच्छता का संकल्प

Live ख़बर

Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने दिलाई स्वच्छता शपथ, मुख्यालय से लेकर सभी कोयला क्षेत्रों में चलेंगे जागरूकता अभियान

रांची, 16 जून 2026। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय में स्वच्छता पखवाड़ा-2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में सीसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लेते हुए स्वच्छता को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में सीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा तथा मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि व्यक्तिगत और सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी कर्मियों से अपने कार्यस्थल, घर और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बेहतर कार्यसंस्कृति के साथ-साथ समाज के समग्र विकास के लिए भी आवश्यक है। स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर ही स्वच्छ भारत के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।

स्वच्छ भारत मिशन की भावना के अनुरूप सीसीएल द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के दौरान मुख्यालय एवं सभी कोयला क्षेत्रों में विभिन्न स्वच्छता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों का उद्देश्य कर्मचारियों, स्थानीय समुदायों और विद्यार्थियों के बीच स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वच्छ व्यवहार को प्रोत्साहित करना है।

पखवाड़ा के दौरान स्वच्छता जागरूकता अभियान, सफाई एवं श्रमदान कार्यक्रम, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, वृक्षारोपण, अस्पतालों एवं कार्यालय परिसरों की विशेष सफाई, अपशिष्ट पृथक्करण एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, विद्यालयों और समुदायों में जागरूकता कार्यक्रम तथा स्वच्छता कर्मियों के सम्मान जैसे विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम का समापन स्वच्छ, स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागिता के संकल्प के साथ हुआ। अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वच्छता को अपने दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाने तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प दोहराया।