– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिले के सभी थानों में चला संयुक्त सुनवाई अभियान
बोकारो, 23 जुलाई। आम जनता की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और सौहार्दपूर्ण समाधान के उद्देश्य से बोकारो पुलिस द्वारा गुरुवार को जिले के सभी थानों एवं ओपी परिसरों में ‘थाना दिवस’ का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आयोजित इस विशेष अभियान में पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से लोगों की शिकायतें सुनीं तथा बड़ी संख्या में मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया।
थाना दिवस के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए फरियादियों ने कुल 63 मामले प्रस्तुत किए। संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 53 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर संबंधित पक्षों को राहत प्रदान की। वहीं दो मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गई, जबकि 10 मामलों को आवश्यक जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई के लिए लंबित रखा गया।
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों के साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), अंचलाधिकारी (सीओ) तथा अनुमंडल पदाधिकारियों (एसडीओ) ने भी भाग लिया। सभी अधिकारियों ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर आपसी संवाद के माध्यम से विवादों के समाधान का प्रयास किया।
सुनवाई के दौरान मुख्य रूप से भूमि विवाद, जमीन के बंटवारे, आवश्यक दस्तावेजों की अनुपलब्धता, पक्षकारों की अनुपस्थिति, निर्माण कार्य से जुड़े विवाद, दूसरे की जमीन पर अवैध दावा तथा आपसी गाली-गलौज और तनाव से संबंधित मामले सामने आए। कई मामलों में समझौते के आधार पर तत्काल समाधान कराया गया।
मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि थाना दिवस का उद्देश्य लोगों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए एक सरल, सुलभ और प्रभावी मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार के विवाद या तनाव की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय थाना दिवस के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज कराएं, ताकि उसका शांतिपूर्ण और न्यायसंगत समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
बोकारो पुलिस की इस पहल से आम लोगों में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है और स्थानीय स्तर पर विवादों के त्वरित निपटारे की व्यवस्था को भी मजबूती मिली है।

