श्रावणी मेले की तैयारियों की समीक्षा

Live ख़बर

– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

बक्सर में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक, सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष जोर

पटना/बक्सर, 24 जुलाई: आगामी श्रावणी मेला-2026 के सफल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर बक्सर समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान मेले की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं विधि-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया गया।

बैठक की शुरुआत जिला शांति समिति के सदस्यों द्वारा श्रावणी मेला के सफल आयोजन के लिए सुझाव प्रस्तुत करने से हुई। प्राप्त सुझावों पर जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने विस्तार से चर्चा की और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जिला पदाधिकारी ने बक्सर एवं डुमरांव नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रावणी मेला प्रारंभ होने से पहले सभी प्रमुख मार्गों की समुचित साफ-सफाई कराई जाए तथा चूना एवं ब्लीचिंग पाउडर का नियमित छिड़काव सुनिश्चित किया जाए। अग्निशमन एवं स्वास्थ्य विभाग को पूरी तरह सतर्क रहने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी रखने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में बताया गया कि इस वर्ष श्रावण माह 30 जुलाई 2026 से प्रारंभ होगा। प्रथम सोमवारी 3 अगस्त, द्वितीय सोमवारी 10 अगस्त, तृतीय सोमवारी 17 अगस्त तथा चतुर्थ सोमवारी 24 अगस्त 2026 को पड़ेगी। बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर में श्रावण मास के दौरान बड़ी संख्या में कांवरियों के आगमन को देखते हुए विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही डुमरांव अनुमंडल पदाधिकारी को श्रावणी मेला के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का दायित्व सौंपा गया।

कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल को कांवर यात्रा मार्गों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा ढीले एवं खुले विद्युत तारों की समय पर जांच कर उन्हें दुरुस्त कराने का निर्देश दिया गया। वहीं लोक स्वास्थ्य प्रमंडल, नगर परिषद एवं नगर पंचायत ब्रह्मपुर और डुमरांव के अधिकारियों को कांवर यात्रा मार्गों पर पेयजल, स्वच्छता एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त संबंधित नगर निकायों को कांवर यात्रा मार्गों पर गड्ढों की मरम्मत, जलजमाव की निकासी तथा मार्गों को सुरक्षित एवं सुगम बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई। सिविल सर्जन को सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, अनुमंडल अस्पताल डुमरांव एवं सदर अस्पताल में एम्बुलेंस, आवश्यक दवाइयों और चिकित्सकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने बताया कि श्रावणी मेला के दौरान सभी प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु यातायात व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए जाएंगे, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर सकें।