– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
उद्योग-अकादमिक साझेदारी से विद्यार्थियों को मिलेगा वैश्विक करियर का मंच, B.Com with ACCA कार्यक्रम को भी नई मजबूती
सासाराम: विद्यार्थियों को उद्योगोन्मुख, कौशल आधारित और वैश्विक स्तर की शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय, सासाराम ने Grant Thornton Bharat (GTB) के साथ महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके साथ ही B.Com with ACCA कार्यक्रम के लिए भी विशेष एमओयू किया गया है, जिससे विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की अकाउंटिंग एवं फाइनेंस शिक्षा, इंडस्ट्री एक्सपोजर, ग्लोबल सर्टिफिकेशन और व्यावहारिक प्रशिक्षण का लाभ मिलेगा।
विश्वविद्यालय के प्रो-चांसलर गोविंद नारायण सिंह ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण, रोजगारपरक और कौशल आधारित शिक्षा प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि ग्रांट थॉर्नटन भारत के साथ यह साझेदारी विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करियर के नए अवसर उपलब्ध कराएगी तथा उन्हें उद्योग की अपेक्षाओं के अनुरूप तैयार करेगी।
कुलपति प्रो. (डॉ.) जगदीश सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के अनुरूप विश्वविद्यालय उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच मजबूत समन्वय स्थापित करने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल विद्यार्थियों के ज्ञान, कौशल और रोजगार क्षमता को नई दिशा देगी।
परीक्षा नियंत्रक सुदीप कुमार सिंह ने कहा कि उद्योग और शैक्षणिक संस्थानों के बीच इस प्रकार का सहयोग विद्यार्थियों को केवल अकादमिक उत्कृष्टता ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक अनुभव और प्रतिस्पर्धी क्षमता भी प्रदान करता है, जिससे वे वैश्विक रोजगार बाजार की चुनौतियों के लिए बेहतर ढंग से तैयार हो सकेंगे।
फैकल्टी ऑफ कॉमर्स के डीन एवं विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि यह एमओयू विशेष रूप से कॉमर्स संकाय के विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होगा। उन्होंने कहा कि विभाग के डॉ. विशाल कुमार (एसोसिएट प्रोफेसर), डॉ. मयंक राय, डॉ. नवेंदु निधान और डॉ. मनीष उद्योगोन्मुख शिक्षण, प्रोजेक्ट आधारित अधिगम और आधुनिक कौशल विकास के माध्यम से विद्यार्थियों को भविष्य के लिए तैयार करने में निरंतर जुटे हैं।
उन्होंने बताया कि B.Com with ACCA कार्यक्रम और Grant Thornton Bharat के सहयोग से विद्यार्थियों को इंडस्ट्री इंटरैक्शन, व्यावहारिक प्रशिक्षण, ग्लोबल सर्टिफिकेशन और आधुनिक शिक्षण प्रणाली का लाभ मिलेगा। विशेष रूप से इस शैक्षणिक सत्र में प्रवेश लेने वाले नए विद्यार्थियों के लिए यह पहल उनके करियर को नई दिशा देने और वैश्विक अवसरों तक पहुंच बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

