वार्ड-16 में नाला निर्माण कार्य शुरू, जलजमाव की समस्या से मिलेगी राहत

Live ख़बर

रंजीत प्रसाद सिन्हा की रिपोर्ट

वार्ड पार्षद नीतू कुमारी ने किया शिलान्यास, क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का दिया भरोसा

अररिया, 26 जुलाई : अररिया नगर परिषद के वार्ड संख्या-16 में लंबे समय से लंबित नाला निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। वार्ड पार्षद एवं सशक्त स्थायी समिति की सदस्य नीतू कुमारी ने अनिल कुमार झा के घर से दुर्गा मंदिर होते हुए मुख्य मार्ग तक बनने वाले नाले की आधारशिला रखकर निर्माण कार्य की शुरुआत की।

इस अवसर पर वार्ड पार्षद नीतू कुमारी ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र की जलनिकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि नाला निर्माण पूरा होने के बाद विशेष रूप से बरसात के मौसम में जलजमाव की समस्या से स्थानीय लोगों को काफी राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि वार्ड के समग्र विकास के लिए सड़क, नाला, पेयजल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। जनप्रतिनिधि के रूप में क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए नगर परिषद लगातार प्रयासरत है।

कार्यक्रम में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) संसदीय दल के प्रदेश प्रवक्ता ओमप्रकाश सोनू, अनिल झा, संतोष कुमार दास, श्रीमान श्रीवास्तव, विनीत यादव, भावेश कुमार, सुरेंद्र मंडल, विजय ठाकुर, संजय झा, राकेश सिन्हा, रामेश्वर शर्मा, सुदीप वर्मा, अनार चंद साह, अमर वर्मा, नीलू जी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

स्थानीय लोगों ने नाला निर्माण कार्य के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाएगा, जिससे वर्षों से चली आ रही जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।

Verified by MonsterInsights