माहेश्वरी महिला संगठन का “आया सावन झूम के” उत्सव उल्लास और सेवा भावना के साथ संपन्न

Live ख़बर

– रंजीत प्रसाद सिन्हा की रिपोर्ट

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, सावन उत्सव और समाजसेवा के संकल्प के बीच महिलाओं ने मनाया हरियाली का पर्व

पटना, 26 जुलाई : माहेश्वरी महिला संगठन, पटना के तत्वावधान में बैंक रोड स्थित दादी मंदिर परिसर में आयोजित “आया सावन झूम के” कार्यक्रम रविवार को उत्साह, उमंग और पारंपरिक संस्कृति के रंगों के बीच भव्य रूप से संपन्न हुआ। आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं, परिवारों एवं समाज के गणमान्य लोगों ने भाग लेकर सावन उत्सव का आनंद लिया।

कार्यक्रम में पटना नगर निगम की महापौर सीता साहू तथा प्रख्यात समाजसेवी गीता जैन की गरिमामयी उपस्थिति रही। दोनों अतिथियों ने माहेश्वरी महिला संगठन द्वारा महिला सशक्तिकरण, सामाजिक समरसता एवं जनसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने और सेवा की भावना को सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम हैं।

इस अवसर पर माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष घनश्याम राठी, माहेश्वरी महिला संगठन की अध्यक्ष नीतू बिरला, सचिव वीणा डागा, कार्यक्रम संयोजिका उषा चांडक एवं सीमा पचीसिया, कोषाध्यक्ष संगीता लखोटिया तथा सुमन माहेश्वरी सहित संगठन की सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।

सावन उत्सव की थीम पर सजे पूरे परिसर में हरियाली, आकर्षक सजावट और पारंपरिक वातावरण ने आगंतुकों का मन मोह लिया। विभिन्न स्टॉलों पर महिलाओं के लिए नवीनतम परिधान, श्रृंगार एवं सौंदर्य सामग्री, हस्तनिर्मित राखियाँ, उपहार सामग्री, घरेलू उपयोग की वस्तुएँ तथा विविध प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों की प्रदर्शनी एवं बिक्री की व्यवस्था की गई थी। आगंतुकों ने उत्साहपूर्वक खरीदारी करते हुए स्टॉल संचालकों का उत्साहवर्धन किया।

संगठन की अध्यक्ष नीतू बिरला ने कहा कि “आया सावन झूम के” केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि समाजसेवा का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम से प्राप्त संपूर्ण आय को समाजहित एवं जनकल्याण के विभिन्न सेवा कार्यों में समर्पित किया जाएगा, जो इस आयोजन का मूल उद्देश्य है।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने सावन गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पारंपरिक आयोजनों के माध्यम से उत्सव का भरपूर आनंद लिया। पूरे आयोजन में उल्लास, आत्मीयता, सामाजिक एकता और सेवा भावना का सुंदर संगम देखने को मिला। अंत में संगठन की ओर से सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, स्टॉल संचालकों, सहयोगियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया, जिनके सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।