– रंजीत प्रसाद सिन्हा की रिपोर्ट
ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने किया उद्घाटन, बिहार का 13वां और पटना का छठा कॉनप्लेक्स सिनेमाज शुरू
पटना, 30 जुलाई। राजधानी पटना के खगौल क्षेत्र को आधुनिक मनोरंजन की नई सौगात मिली है। तेजी से विस्तार कर रही मल्टीप्लेक्स श्रृंखला कॉनप्लेक्स सिनेमाज ने खगौल में अपने नए स्मार्ट-फॉर्मेट मल्टीप्लेक्स का शुभारंभ किया। इसका उद्घाटन बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
उद्घाटन समारोह में बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, कॉनप्लेक्स सिनेमाज के प्रबंध निदेशक चंदन कुमार एवं रोहित कुमार सपन सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने इस पहल को खगौल एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए आधुनिक मनोरंजन सुविधाओं की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
समारोह को संबोधित करते हुए ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि यह पहल बिहार के समग्र विकास में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि राज्य में प्रत्येक क्षेत्र में विकास की गति तेज हुई है और आधुनिक मनोरंजन सुविधाओं का विस्तार केवल बेहतर अनुभव उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे तथा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह मल्टीप्लेक्स खगौल और आसपास के लोगों के लिए विश्वस्तरीय मनोरंजन का प्रमुख केंद्र बनेगा।
कॉनप्लेक्स सिनेमाज के प्रबंध निदेशक चंदन कुमार एवं रोहित कुमार सपन ने बताया कि खगौल में नए मल्टीप्लेक्स के शुभारंभ के साथ ही कंपनी का यह बिहार में 13वां तथा पटना का छठा सिनेमा बन गया है। उन्होंने कहा कि कंपनी का उद्देश्य उभरते शहरों और कस्बों तक आधुनिक एवं विश्वस्तरीय सिनेमा अनुभव पहुंचाना है। आने वाले समय में बिहार के अन्य शहरों में भी विस्तार की योजना पर तेजी से कार्य किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नए मल्टीप्लेक्स में तीन अत्याधुनिक स्क्रीन स्थापित की गई हैं, जिनकी कुल बैठने की क्षमता 150 सीटों की है। दर्शकों की सुविधा के लिए कपल लाउंजर, सोफा लाउंजर और प्रीमियम मिलर्स सीटिंग की व्यवस्था की गई है।
मल्टीप्लेक्स में 2K डिजिटल प्रोजेक्शन, 3D तकनीक और डॉल्बी 7.1 सराउंड साउंड जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे दर्शकों को उत्कृष्ट ऑडियो-विजुअल अनुभव मिलेगा। इसके अलावा विभिन्न प्रकार के स्नैक्स एवं पेय पदार्थों की भी व्यवस्था की गई है, ताकि दर्शकों को संपूर्ण मनोरंजन का बेहतर अनुभव मिल सके।

