पूर्ववर्ती छात्रों ने बंद पड़े स्कूल परिसर में लगाए 200 से अधिक पौधे

Live ख़बर

– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

हायर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-3 के एलुमनाई ने पौधारोपण कर संजोईं पुरानी यादें, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

बोकारो, 26 जुलाई : बोकारो शहर में पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकार का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए सेक्टर-3 स्थित बंद पड़े हायर सेकेंडरी स्कूल के पूर्ववर्ती छात्र-छात्राओं ने विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में 200 से अधिक पौधे लगाए। पौधारोपण अभियान के माध्यम से एलुमनाई ने अपने गुरुजनों और सहपाठियों की स्मृतियों को नमन करते हुए विद्यालय से जुड़ी पुरानी यादों को भी ताजा किया।

इस अवसर पर पूर्व छात्रों ने कहा कि एक समय यह विद्यालय बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) के उत्कृष्ट शिक्षण संस्थानों में शामिल था। यहां से शिक्षा प्राप्त कर निकले अनेक विद्यार्थी आज देश-विदेश में इंजीनियर, चिकित्सक, प्रशासनिक अधिकारी, वैज्ञानिक, शिक्षक और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने विद्यालय के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए परिसर को हराभरा बनाने का संकल्प दोहराया।

पौधारोपण अभियान में अभियंता एवं एमएसएमई संगठन के अध्यक्ष शशि भूषण विश्वकर्मा, भारत विकास परिषद के पूर्व अध्यक्ष रमन कुमार सिन्हा, झारखंड के पूर्व डीएसपी कन्हैया कुमार सिंह, राष्ट्रीयकृत बैंक के पूर्व प्रबंधक सुनील कुमार, वॉलीबॉल कोच अभिमन्यु कुमार सिंह, आरएन क्रिकेट अकादमी के संस्थापक एवं क्रिकेट कोच अनिल कुमार सिंह, रविकांत ठाकुर, अंतरराष्ट्रीय समाजसेविका सरिता गिरी, अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ संजय गर्ग, उद्योगपति बी. बी. सिंह, राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक डी. के. पांडे, उद्यमी प्रमोद झा, झारखंड के पूर्व जेल अधीक्षक ललन सिन्हा, विश्व बैंक के पूर्व प्रबंधक अरिंदम पाल, बीएसएल के पूर्व महाप्रबंधक ओंकारनाथ, बोकारो पावर सप्लाई कंपनी के पूर्व अधिकारी अनिल कुमार, पटना हाईकोर्ट के अधिवक्ता अरविंद कुमार सिंह, अंतरराष्ट्रीय समाजसेवी एवं प्रबंधन विशेषज्ञ कृष्ण सहाय तथा बोकारो के उद्यमी जगमोहन सिंह जग्गी सहित कई गणमान्य लोगों ने प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहभागिता निभाई।

अभियान में स्थानीय क्लब के युवाओं और छात्रों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान पूर्व छात्रों ने स्कूल परिसर में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के विजेताओं को विद्यालय के नाम पर ट्रॉफी प्रदान करने तथा इस ऐतिहासिक मैदान को युवाओं के लिए और अधिक उपयोगी एवं जीवंत बनाने का संकल्प भी लिया।

पूर्ववर्ती छात्रों ने कहा कि पौधारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का अभियान नहीं, बल्कि अपनी शैक्षणिक विरासत और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़े रहने का एक सार्थक प्रयास है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे जनहित और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।