– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher
डीसी ने एएआई और बीएसएल अधिकारियों के साथ किया संयुक्त निरीक्षण, डीजीसीए निरीक्षण से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश
बोकारो, 28 जुलाई 2026। बोकारोवासियों के हवाई सफर का सपना जल्द साकार होने की उम्मीद बढ़ गई है। बोकारो एयरपोर्ट के संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) और बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बोकारो एयरपोर्ट का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य एयरपोर्ट के विकास, संचालन एवं नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के प्रस्तावित निरीक्षण से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का आकलन करना था।
संयुक्त निरीक्षण में झारखंड सिविल एविएशन के प्रबंध निदेशक कैप्टन एस.पी. सिन्हा, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, अपर समाहर्ता सुनील चंद्र, एएआई के प्रतिनिधि मनोज कुमार, सेल एविएशन के मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम) सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने एयरपोर्ट परिसर, रनवे, बोर्डिंग एरिया, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तकनीकी सुविधाओं का विस्तृत निरीक्षण किया तथा परिचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की।
Follow this link to JOIN our WhatsApp Community
डीजीसीए निरीक्षण से पहले सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त अजय नाथ झा ने एयरपोर्ट परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि डीजीसीए के निरीक्षण से पहले रनवे और परिसर के आसपास उगी घास, झाड़ियों तथा अन्य अवांछित वनस्पतियों की पूरी तरह सफाई कराई जाए, ताकि एयरपोर्ट निर्धारित सुरक्षा और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तैयार हो सके।
संचालन और मेंटेनेंस पर बनी सहमति
उपायुक्त ने एयरपोर्ट के संचालन एवं रखरखाव (ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस) से जुड़े मुद्दों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और सेल के शीर्ष प्रबंधन के बीच आवश्यक पत्राचार शीघ्र पूरा कर प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाए। उन्होंने समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि सभी औपचारिकताएं जल्द पूरी की जाएं, ताकि एयरपोर्ट से व्यावसायिक उड़ानों की शुरुआत का मार्ग प्रशस्त हो सके।
बैठक के दौरान एयरपोर्ट के समग्र विकास, यात्रियों की सुरक्षा, परिचालन व्यवस्था तथा व्यावसायिक उड़ानों के संचालन से जुड़े विभिन्न तकनीकी विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

