ड्राइवर डे पर पटना में जुटेंगे देशभर के चालक प्रतिनिधि

Live ख़बर

रंजीत प्रसाद सिन्हा की रिपोर्ट

31 जुलाई को निकलेगी चालक सम्मान यात्रा, जनरल काउंसिल मीटिंग में परिवहन कर्मियों के मुद्दों और भविष्य की रणनीति पर होगी चर्चा

खगौल, 29 जुलाई। ऑल इंडिया रोड ट्रांसपोर्ट वर्कर्स फेडरेशन की ओर से 31 जुलाई को आयोजित होने वाले ‘ड्राइवर डे’ एवं फेडरेशन की जनरल काउंसिल मीटिंग की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस संबंध में पटना के जमाल रोड स्थित सूर्य कॉम्प्लेक्स में आयोजित प्रेस वार्ता में कार्यक्रम की रूपरेखा और विभिन्न आयोजनों की जानकारी साझा की गई।

फेडरेशन (बिहार) के महासचिव राजकुमार झा ने बताया कि फेडरेशन प्रत्येक वर्ष 31 जुलाई को पूरे बिहार में ‘ड्राइवर डे’ मनाता है। इस वर्ष का मुख्य कार्यक्रम पटना के गर्दनीबाग स्थित गेट पब्लिक लाइब्रेरी हॉल में आयोजित होगा। इसी अवसर पर फेडरेशन की जनरल काउंसिल मीटिंग भी होगी, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से करीब 500 चालक प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि 31 जुलाई को सुबह 10 बजे पटना जंक्शन से ‘चालक सम्मान यात्रा’ निकाली जाएगी। यह यात्रा जीपीओ, आर ब्लॉक और सचिवालय मार्ग से होते हुए गेट पब्लिक लाइब्रेरी, गर्दनीबाग पहुंचेगी। यात्रा में लगभग 500 प्रतिभागी पैदल शामिल होंगे, जबकि बड़ी संख्या में ऑटो चालक अपने वाहनों के साथ झंडे और बैनर लेकर भाग लेंगे।

Follow this link to JOIN our WhatsApp Community

सुबह 11 बजे सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी। इसके बाद दोपहर 12 बजे मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस चालकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की जानकारी देगी, जबकि राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करेगा।

आयोजन में एम्स, पटना के विशेषज्ञ सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को प्राथमिक उपचार देने तथा जीवनरक्षक तकनीकों (Life Saving Techniques) का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी देंगे। साथ ही समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाले चालकों को सम्मानित किया जाएगा।

महासचिव ने बताया कि दोपहर 3 बजे से फेडरेशन की जनरल काउंसिल मीटिंग शुरू होगी, जो 1 अगस्त की शाम 4 बजे तक चलेगी। बैठक में देशभर के परिवहन कर्मियों की समस्याओं, सरकारी नीतियों, श्रमिक हितों, सड़क परिवहन क्षेत्र की चुनौतियों तथा भविष्य के आंदोलनों की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।