यूपीएससी टॉपर शुभम ने विद्यार्थियों को सफलता का मंत्र दिया

Live ख़बर

Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

डीपीएस बोकारो पहुंचे पूर्व छात्र, बोले- असफलता को कमजोरी नहीं, कामयाबी की सीढ़ी बनाएं

बोकारो। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) सिविल सेवा परीक्षा 2025 में ऑल इंडिया रैंक 142 प्राप्त कर भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के लिए चयनित डीपीएस बोकारो के पूर्व छात्र शुभम कुमार महतो ने अपने जूनियर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि असफलता कभी अंत नहीं होती, बल्कि सफलता की ओर बढ़ने की सबसे महत्वपूर्ण सीढ़ी होती है।

वर्ष 2015 बैच के पूर्व छात्र शुभम कुमार महतो अपनी उल्लेखनीय सफलता के बाद बुधवार को अपने विद्यालय पहुंचे। अतिथि व्याख्यान कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के साथ अपने छात्र जीवन की यादें साझा कीं और यूपीएससी की तैयारी के दौरान आए संघर्षों तथा चुनौतियों का अनुभव बताया।

Follow this link to JOIN our WhatsApp Community

उन्होंने कहा कि यूपीएससी परीक्षा में उन्हें पहले भी सफलता मिली थी, लेकिन आईएएस सेवा नहीं मिल सकी। प्रत्यक्ष रूप से राष्ट्रसेवा करने का उनका सपना उन्हें लगातार प्रेरित करता रहा। पहली असफलता के बाद उन्होंने स्वयं को और बेहतर तैयार किया, कुछ समय का विराम लेकर गहन अध्ययन किया और लगातार प्रयास जारी रखा। चार प्रयासों के बाद अंततः पांचवें प्रयास में उन्होंने अपना लक्ष्य हासिल कर लिया। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि असफलता से घबराने या निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना ही सफलता की कुंजी है।

लक्ष्य तय करें और खुद पर भरोसा रखें

शुभम ने विद्यार्थियों को सलाह दी कि चाहे यूपीएससी हो या कोई अन्य प्रतियोगी परीक्षा, सबसे पहले स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करें और पूरी ईमानदारी, अनुशासन तथा आत्मविश्वास के साथ उसकी तैयारी करें। उन्होंने कहा कि शिक्षक सही दिशा और मार्गदर्शन देते हैं, लेकिन सफलता के लिए निरंतर अभ्यास और आत्मअनुशासन सबसे अधिक आवश्यक है।

उन्होंने मोबाइल और इंटरनेट के संतुलित उपयोग पर भी जोर देते हुए कहा कि तकनीक का सही इस्तेमाल पढ़ाई को आसान बना सकता है, जबकि इसका दुरुपयोग विद्यार्थियों की एकाग्रता और सफलता दोनों में बाधा बन सकता है।

विद्यार्थियों ने पूछे सवाल, शुभम ने दिए जवाब

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने यूपीएससी की तैयारी, अध्ययन रणनीति, समय प्रबंधन तथा अन्य करियर विकल्पों से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे। शुभम ने अपने अनुभव साझा करते हुए सभी जिज्ञासाओं का विस्तार से समाधान किया और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के व्यावहारिक पहलुओं पर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

प्रेरणादायी हैं सफल पूर्व विद्यार्थी : प्राचार्य

विद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने कहा कि शुभम कुमार महतो जैसे सफल पूर्व विद्यार्थी वर्तमान छात्रों के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय समय-समय पर ऐसे प्रेरक कार्यक्रम आयोजित करता है, जिससे विद्यार्थियों को सही दिशा और बेहतर मार्गदर्शन मिल सके। उन्होंने शुभम को यूपीएससी में शानदार सफलता के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।