श्रावणी मेला की तैयारियों का डीएम ने किया निरीक्षण

Live ख़बर

एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

राजगीर में 533 सीढ़ियां चढ़कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा, कहा- श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

नालंदा, 30 जुलाई। श्रावणी मेला-2026 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर नालंदा की जिलाधिकारी उदिता सिंह ने राजगीर के कुंड क्षेत्र एवं व्यावहारगिरि पर्वत का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वयं 533 सीढ़ियां चढ़कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पब्लिक एड्रेस सिस्टम, कंट्रोल रूम, मेडिकल टीम की तैनाती, आवश्यकता पड़ने पर आपदा मित्रों की सेवाएं उपलब्ध कराने, मंदिर परिसर के आसपास अतिक्रमण हटाकर पार्किंग विकसित करने तथा श्रद्धालुओं के लिए मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। साथ ही पूरे मार्ग में समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

जिलाधिकारी ने व्यावहारगिरि पर्वत स्थित ऐतिहासिक सिद्धनाथ मंदिर, जरासंध अखाड़ा तथा बेलवेदार जल संचयन क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को वर्षा जल संरक्षण की क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से बेलवेदार जलाशय को लगभग छह फीट और गहरा करने का निर्देश दिया।

Follow this link to JOIN our WhatsApp Community

निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने विपुलगिरि, स्वर्णगिरि, व्यावहारगिरि और रत्नागिरि पर्वत श्रृंखलाओं के धार्मिक, ऐतिहासिक एवं पर्यटन महत्व की जानकारी दी। साथ ही बिम्बिसार ट्रैकिंग ट्रैक और पर्वतीय क्षेत्र की प्राकृतिक जैव विविधता (फ्लोरा एवं फौना) के संबंध में भी विस्तार से चर्चा हुई।

भू-जल संरक्षण को लेकर जिलाधिकारी ने वन प्रमंडल पदाधिकारी (डीएफओ) के साथ समीक्षा करते हुए निजी एवं सरकारी बोरवेलों को ग्राउंड वाटर रिचार्ज एक्विफर के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की व्यवस्था का सफल प्रयोग पहले से वेणुवन क्षेत्र में किया जा चुका है।

जिलाधिकारी उदिता सिंह ने कहा कि श्रावणी मेला में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक भारत सोनी, राजगीर अनुमंडल पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला नियोजन पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों ने भी मेले के सफल आयोजन के लिए अपने सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे।

Verified by MonsterInsights