विक्रमशिला सेतु का कार्य तय समयसीमा में पूरा करें : पंकज कुमार पाल

Live ख़बर

– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट

पटना, 01 अगस्त। बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने शुक्रवार को विक्रमशिला सेतु के पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति की उच्चस्तरीय समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

समीक्षा बैठक में विक्रमशिला सेतु के पुनर्निर्माण, बेली ब्रिज की वर्तमान स्थिति, सेतु के बेयरिंग एवं जॉइंट्स की जांच और मरम्मत सहित सभी तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के चेयरमैन धर्मेंद्र कुमार, ब्रिज विशेषज्ञ आलोक भौमिक, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि तथा विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में बताया गया कि पुनर्निर्माण के लिए आवश्यक निर्माण सामग्री तेजी से साइट पर पहुंचाई जा रही है। इस कार्य को 25 अगस्त, 2026 तक पूरा करने के लिए एक समर्पित टीम तैनात की गई है। अधिकारियों ने जानकारी दी कि विक्रमशिला सेतु पर यातायात बंद होने के बाद क्षतिग्रस्त स्पैन को हटाने का कार्य शुरू किया जाएगा। इस दौरान आईआईटी पटना की जांच रिपोर्ट पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

Follow this link to JOIN our WhatsApp Community

सचिव पंकज कुमार पाल ने सेतु के बेयरिंग और जॉइंट्स की मरम्मत को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही बेली ब्रिज हटाने की प्रक्रिया को भी तय योजना के अनुसार आगे बढ़ाने को कहा। उन्होंने दोहराया कि 30 नवंबर, 2026 तक विक्रमशिला सेतु को पूर्व स्थिति में बहाल करने का लक्ष्य हर हाल में पूरा किया जाए।

बैठक के बाद सचिव ने सुल्तानगंज–अगुवानी घाट गंगा पुल परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने अभियंताओं एवं निर्माण एजेंसी से परियोजना की वर्तमान स्थिति और शेष कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि यह परियोजना भागलपुर और खगड़िया जिलों को जोड़ने वाली गंगा नदी पर चार लेन केबल-स्टे पुल (फुटपाथ सहित) का निर्माण है, जो क्षेत्रीय संपर्क, व्यापार और आर्थिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगी। परियोजना के अंतर्गत 20.3 किलोमीटर लंबे पहुंच पथ (एप्रोच रोड) का निर्माण भी अग्रिम चरण में है।

सचिव ने शेष कार्यों को तेजी से पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि एजेंसी आपसी समन्वय के साथ नियमित समीक्षा करे और निर्धारित समयसीमा का पालन सुनिश्चित करे। निर्माण एजेंसी ने भरोसा दिलाया कि पूर्व निर्धारित लक्ष्य के अनुसार नवंबर 2027 तक संपूर्ण पुल निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

पंकज कुमार पाल ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता सभी प्रमुख आधारभूत संरचना परियोजनाओं को समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करना है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी और गुणवत्ता नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।