– Santosh Kr. Srivastav : Editor in Chief & Publisher
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई, प्रमाण पत्र देने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप
पटना, 13 अगस्त 2026। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार, पटना की मुख्यालय टीम ने औरंगाबाद जिले में एक शिक्षक-सह-समन्वयक को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान केशव उच्च विद्यालय, बारूण के शिक्षक-सह-समन्वयक शशिभूषण लाल के रूप में हुई है। ब्यूरो के अनुसार गिरफ्तारी 13 अगस्त को केशव उच्च विद्यालय परिसर स्थित खेल-कूद कक्ष से की गई।
प्रमाण पत्र देने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, शिकायतकर्ता संतोष कुमार, निवासी मखरा, थाना जम्होर, जिला औरंगाबाद ने ब्यूरो के पटना कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनकी पत्नी ने बिहार मुक्त विद्यालय शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड, पटना के अंतर्गत केशव उच्च विद्यालय, बारूण से 10वीं कक्षा की परीक्षा उत्तीर्ण की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, अंक-पत्र, एसएलसी और मूल प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के एवज में विद्यालय के शिक्षक-सह-समन्वयक शशिभूषण लाल द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी।
सत्यापन में आरोप की पुष्टि
ब्यूरो ने शिकायत मिलने के बाद उसका सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा रिश्वत की मांग किए जाने की पुष्टि होने के बाद निगरानी थाना कांड संख्या 097/26, दिनांक 12 अगस्त 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
अनुसंधानकर्ता पुलिस निरीक्षक अमन आनंद के अनुरोध पर पुलिस उपाधीक्षक रिशिता स्नेह के नेतृत्व में धावादल का गठन किया गया।
खेल-कूद कक्ष में हुई गिरफ्तारी
ब्यूरो के अनुसार धावादल ने कार्रवाई करते हुए शशिभूषण लाल को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए केशव उच्च विद्यालय स्थित खेल-कूद कक्ष से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद उसे निगरानी, पटना स्थित विशेष न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की अनुसंधान कार्रवाई जारी है।

