अभियंताओं की भूमिका विकास के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण : राज्यपाल

Live ख़बर

संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

59वें अभियंता दिवस समारोह में राज्यपाल ने कहा-बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर से बिहार के विकास को मिलती है गति

पटना, 15 सितंबर 2026। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने अभियंताओं की भूमिका को विकास के साथ-साथ राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि अभियंताओं की भूमिका सिर्फ सड़क, पुल, भवन और दूसरी आधारभूत सुविधाएं बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने में भी उनका बड़ा योगदान है।

राज्यपाल मंगलवार को अभियंता भवन, पटना में बिहार अभियंत्रण सेवा संघ द्वारा आयोजित 59वें अभियंता दिवस समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने अभियंताओं के योगदान और उनकी जिम्मेदारियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर से विकास को मिलती है गति

राज्यपाल ने कहा कि बिहार में पिछले वर्षों में सड़क और दूसरी आधारभूत सुविधाओं में काफी सुधार हुआ है। बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर से राज्य के विकास को गति मिलती है। बिहार में शहरीकरण बढ़ रहा है और ऐसे में जलापूर्ति, बिजली, सड़क, भवन तथा कचरा प्रबंधन जैसी सुविधाओं के विकास में सिविल अभियंताओं की भूमिका और महत्वपूर्ण होगी।

उन्होंने कहा कि बिहार की नदियां जहां सिंचाई और कृषि के लिए वरदान हैं, वहीं बाढ़ की चुनौती भी पैदा करती हैं। इसलिए नदियों के साथ बेहतर तालमेल रखते हुए जल प्रबंधन और बाढ़ से बचाव की प्रभावी व्यवस्था विकसित करना जरूरी है। जलवायु परिवर्तन के कारण भविष्य में ऐसी चुनौतियां बढ़ सकती हैं।

राष्ट्रीय सुरक्षा में भी अभियंताओं का महत्वपूर्ण योगदान

अपने सैन्य अनुभव साझा करते हुए राज्यपाल ने कहा कि लद्दाख जैसे सीमावर्ती क्षेत्रों में सेना की त्वरित तैनाती के लिए सड़क, पुल, एयरफील्ड, आवास, पानी और अन्य सुविधाएं जरूरी होती हैं। इन सभी कार्यों में अभियंताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

उन्होंने कहा कि बिहार की सड़क और रेल व्यवस्था भी देश की सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण है, क्योंकि इनके माध्यम से देश के एक हिस्से से दूसरे हिस्से तक सैन्य आवागमन संभव होता है।

राज्यपाल ने अभियंताओं से कहा कि उन्हें अपने कार्य के महत्व को समझते हुए आत्मविश्वास और आत्मसम्मान के साथ देश की सेवा में योगदान देना चाहिए।

दो अभियंताओं को ‘अभियंता रत्न’ पुरस्कार

इस अवसर पर राज्यपाल ने ई. उमेश कुमार (सेवानिवृत्त) और ई. दया शंकर मिश्रा (सेवानिवृत्त) को ‘अभियंता रत्न’ पुरस्कार से सम्मानित किया। उन्होंने बिहार अभियंत्रण सेवा संघ द्वारा प्रकाशित पत्रिका ‘इंजीनियर एक्सप्रेस’ का विमोचन भी किया।

कार्यक्रम से पूर्व राज्यपाल ने भारत रत्न स्वर्गीय डॉ. एम. विश्वेश्वरैया की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय डॉ. विश्वेश्वरैया की जयंती के अवसर पर प्रत्येक वर्ष 15 सितंबर को अभियंता दिवस मनाया जाता है।

अभियंताओं ने भी रखे विचार

कार्यक्रम को इंडियन इंजीनियर्स फेडरेशन के अध्यक्ष ई. अभिनाश राउल, बिहार इंजीनियरिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष ई. सुनील कुमार तथा महासचिव ई. राकेश कुमार ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर बिहार इंजीनियरिंग एसोसिएशन के सदस्यगण एवं अन्य लोग उपस्थित थे।

Verified by MonsterInsights