संविदा कर्मियों को मिलेंगे नियमित कर्मचारियों जैसे PPE

Live ख़बर

– Santosh Kr. Srivastav : Editor in Chief & Publisher

बीएसएल ने शुरू की समावेशी सुरक्षा पहल, डिजिटल सिस्टम से होगी सुरक्षा उपकरणों की ट्रैकिंग

बोकारो, 13 अगस्त। बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) ने अपनी सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए संविदा कर्मियों के लिए बड़ी पहल शुरू की है। अब बीएसएल में कार्यरत संविदा कर्मचारियों को भी नियमित कर्मचारियों की तरह निर्धारित मानकों के उच्च गुणवत्ता वाले व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (PPE) उपलब्ध कराए जाएंगे। बीएसएल के अनुसार, भारतीय इस्पात उद्योग और स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के इतिहास में इस प्रकार की पहल करने वाला बोकारो स्टील प्लांट पहला संयंत्र है।

इससे पहले संविदा कर्मियों को सुरक्षा उपकरण संबंधित ठेकेदारों की ओर से उपलब्ध कराए जाते थे। नई व्यवस्था के तहत सुरक्षा उपकरणों की गुणवत्ता और उपलब्धता को लेकर अधिक एकरूपता सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है।

निदेशक प्रभारी ने किया योजना का शुभारंभ

मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग में आयोजित विशेष कार्यक्रम में बीएसएल के निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन ने शीर्ष प्रबंधन की मौजूदगी में संविदा कर्मियों को सुरक्षा किट सौंपकर योजना का औपचारिक शुभारंभ किया।

बीएसएल की यह पहल प्रत्यक्ष PPE प्रावधान और डिजिटल गवर्नेंस के माध्यम से संविदा कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में तैयार की गई है।

डिजिटल सिस्टम से होगी PPE की निगरानी

नई व्यवस्था के तहत PPE किट के वितरण, ट्रैकिंग, रिकवरी और री-इश्यू की पूरी प्रक्रिया को डिजिटल सिस्टम से जोड़ा गया है। इससे सुरक्षा उपकरणों के उपयोग, उपलब्धता और वितरण की पारदर्शी एवं प्रभावी निगरानी की जा सकेगी।

संविदा कर्मियों को उपलब्ध कराई जाने वाली PPE किट में सेफ्टी हेलमेट, लाइट वेट पॉलीकार्बोनेट चश्मे, डिस्पोजेबल रेस्पिरेटर, सेफ्टी शूज, एफआर सूट (जैकेट और ट्राउजर), ईयर प्लग और कैनवस ग्लव्स जैसे सुरक्षा उपकरण शामिल हैं।

‘सुरक्षा हमारा मुख्य मूल्य’

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीएसएल के निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन ने कहा कि बीएसएल परिसर में काम करने वाला प्रत्येक कर्मी, चाहे वह नियमित हो या संविदा, सुरक्षित वातावरण का हकदार है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की सुरक्षा प्रबंधन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने सुरक्षा को केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि संगठन के मूल मूल्यों का हिस्सा बताया। कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं) ने डिजिटल और समावेशी सुरक्षा मॉडल की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की।

कार्यक्रम में अधिशासी निदेशक, मुख्य महाप्रबंधक और बीएसएल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।