प्रजापति समाज के सम्मान समारोह में शामिल हुए स्वास्थ्य मंत्री

Live ख़बर

संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

विधान परिषद में प्रजापति समाज के प्रतिनिधित्व को बताया सामाजिक सम्मान और सशक्त भागीदारी का प्रतीक

पटना, 23 अगस्त। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में बिहार कुम्हार प्रजापति समन्वय समिति द्वारा आयोजित आभार-सह-सम्मान समारोह में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में प्रजापति समाज से नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्यों के सम्मान के साथ समाज की राजनीतिक भागीदारी और सशक्तिकरण पर चर्चा हुई।

अपने संबोधन में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रजापति समाज से नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्यों का सम्मान केवल उनका सम्मान नहीं, बल्कि पूरे समाज के सम्मान और उसकी सशक्त भागीदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि एनडीए द्वारा विधान परिषद की नौ सीटों में से पांच सीटों पर अति पिछड़ा समाज को प्रतिनिधित्व दिया गया है, जिनमें दो सीटें प्रजापति समाज को मिलना इस भागीदारी को और मजबूत करता है।

माटी को आकार देने वाले समाज के योगदान को सराहा

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रजापति समाज पीढ़ियों से माटी को आकार देकर भारतीय संस्कृति को समृद्ध करने का कार्य करता रहा है। इस समाज की मेहनत, हुनर और परंपरागत कौशल को सम्मान मिलना सुखद है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और राजनीतिक प्रतिनिधित्व के क्षेत्र में अति पिछड़ा समाज के लिए किए गए कार्य सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण हैं।

कर्पूरी ठाकुर के विचारों को आगे बढ़ाने की बात

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि उनके पिता एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हमेशा अति पिछड़ा समाज से आने वाले जननायक कर्पूरी ठाकुर के विचारों को आगे बढ़ाते हुए अति पिछड़ा समाज के सम्मान और उत्थान को प्राथमिकता दी है। उनके अनुसार शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और राजनीतिक प्रतिनिधित्व के क्षेत्र में किए गए कार्य इसी सोच का परिणाम हैं।

उन्होंने प्रजापति समाज के मान-सम्मान, हुनर और अधिकारों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि समाज के हितों के लिए प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।