– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
सांसद राजाराम सिंह की अध्यक्षता में डीआरडीए सभागार में जुटे जनप्रतिनिधि और अधिकारी, सड़क सुरक्षा व जनहित के मुद्दों पर कड़े निर्देश
सासाराम/रोहतास, 25 अगस्त: जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की समीक्षात्मक बैठक डीआरडीए सभागार में काराकाट सांसद सह दिशा अध्यक्ष राजाराम सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सासाराम सांसद मनोज कुमार, विधान परिषद सदस्य अशोक कुमार पाण्डेय, दिनारा विधायक आलोक कुमार सिंह, करगहर विधायक वशिष्ठ सिंह, नोखा विधायक नागेन्द्र चन्द्रवंशी, चेनारी विधायक मुरारी प्रसाद गौतम तथा डेहरी विधायक राजीव रंजन सिंह उर्फ सोनू सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
प्रशासन की ओर से जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, वन प्रमंडल पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त और अपर समाहर्ता सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। बैठक की शुरुआत में जिला पदाधिकारी ने सभी जनप्रतिनिधियों को पौधा भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी ने सड़क हादसों में मुआवजे की स्थिति और यातायात प्रबंधन की जानकारी सदन के समक्ष रखी।
बैठक में 22 अगस्त को लिए गए निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा के साथ केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का विभागवार जायजा लिया गया। इस दौरान ग्रामीण सड़क निर्माण, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, स्वास्थ्य, शिक्षा, विद्युत, पेयजल, सिंचाई परियोजनाओं और पीएचईडी के जल प्रबंधन पर विशेष चर्चा हुई।
दिशा अध्यक्ष राजाराम सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा फोन या अन्य माध्यम से जनहित की समस्याओं से अवगत कराए जाने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और इसकी जानकारी संबंधित जनप्रतिनिधि को भी दी जाए। उन्होंने विकास योजनाओं को तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने पर जोर दिया।

