– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
चार युवकों की मौत पर जताया गहरा दुख, परिजनों को चार-चार लाख रुपये मुआवजा दिलाने की मांग
पटना/बाढ़, 02 सितंबर 2026: बाढ़ अनुमंडल के बेढ़ना गांव में चार युवकों की असामयिक मौत के मामले में भाजपा के पूर्व विधायक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ज्ञानू पीड़ित परिजनों के बीच पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवारों से मिलकर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और इस दुख की घड़ी में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
पूर्व विधायक ने बताया कि इस संबंध में उनकी बातचीत जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित पदाधिकारियों से हुई है। उन्होंने अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने मांग की कि पीड़ित परिवार बेहद निर्धन हैं, इसलिए सरकार की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजन को तत्काल चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।

परिजनों को ढांढस बंधाते हुए उन्होंने कहा कि बाढ़ विधानसभा क्षेत्र की जनता उनका परिवार है और वे सदैव क्षेत्रवासियों के सुख-दुख में साथ खड़े रहे हैं। उन्होंने पीड़ित परिवारों को आश्वस्त किया कि किसी भी आवश्यकता या संकट की स्थिति में वे उनकी हर स्तर पर मदद के लिए तत्पर रहेंगे।
