– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
दियारा क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण, निःशुल्क नाव परिचालन और सामुदायिक रसोई शुरू करने के निर्देश
पटना/बाढ़, 03 सितंबर 2026: गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बाढ़ अनुमंडल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। एसडीएम कृष्णा जोशी ने बख्तियारपुर, अथमलगोला एवं बाढ़ अंचल के दियारा क्षेत्र की पंचायतों का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को विस्थापितों की सभी आवश्यकताओं को तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने बख्तियारपुर अंचल के काला दियारा पंचायत अंतर्गत ग्यासपुर गंगा घाट का जायजा लिया। आवागमन को सुगम बनाने के लिए अंचल अधिकारी को निर्देश देकर निःशुल्क सरकारी नावों का परिचालन शुरू कराया गया है। साथ ही विस्थापित परिवारों के लिए गुरुवार से दो स्थानों पर सामुदायिक रसोई केंद्र शुरू करने और मवेशियों के लिए चारे की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। राहत शिविरों में चिकित्सकों की तैनाती के साथ निःशुल्क जीवन रक्षक दवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

राहत शिविरों में भोजन, स्वास्थ्य व रोशनी के पुख्ता इंतजाम
अथमलगोला अंचल की रामनगर दियारा पंचायत में बाढ़ का पानी घुसने के कारण पुल के पास शरण लिए ग्रामीणों के लिए मध्य विद्यालय सबनिमा में भोजन की व्यवस्था की गई है। यहां ग्रामीणों की सुविधा के लिए 4 निःशुल्क सरकारी नावें और एक मेडिकल कैंप सक्रिय कर दिया गया है।
बाढ़ अंचल के बंडा दियारा क्षेत्र से लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है, जहां उनके लिए सामुदायिक रसोई और मेडिकल कैंप संचालित हैं। तीनों अंचलों में चिन्हित राहत शिविरों में जनरेटर, पेयजल, टेंट और प्रकाश के समुचित प्रबंध किए गए हैं। एसडीएम ने अनुमंडल के सभी बीडीओ, सीओ और संबंधित कर्मियों को विस्थापितों की सुरक्षा और निगरानी में निरंतर मुस्तैद रहने का निर्देश दिया है।

Keywords: बाढ़ अनुमंडल राहत कार्य, एसडीएम कृष्णा जोशी, दियारा क्षेत्र निरीक्षण, बख्तियारपुर अथमलगोला बाढ़, सामुदायिक रसोई, निःशुल्क सरकारी नाव, गंगा जलस्तर, पटना प्रशासन
