– संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट
जमीनी और राजस्व विवादों के समाधान हेतु प्रत्येक सप्ताह थानों में जुटेगा पुलिस व प्रशासनिक अमला
पटना, 03 सितंबर 2026: जिले के आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित निष्पादन के उद्देश्य से प्रत्येक सप्ताह ‘थाना दिवस’ का आयोजन प्रस्तावित किया गया है। इसी क्रम में आज सभी थाना प्रभारियों एवं ओपी प्रभारियों को थाना दिवस आयोजित करने का निर्देश दिया गया, जिसमें प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), अंचलाधिकारी (सीओ) एवं अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) भी प्रशासनिक तौर पर शामिल हुए।

थाना दिवस के दौरान आम जनता की शिकायतों, विशेष रूप से भूमि विवाद, राजस्व मामले एवं अन्य आपसी मामलों का पुलिस और प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से निष्पादन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों के माध्यम से कुल 70 मामले दर्ज कर उनकी सुनवाई की गई। इनमें से 60 मामलों का मौके पर ही सफल निष्पादन कर दिया गया, जबकि 10 मामले शेष रह गए हैं जिन्हें आगामी प्रक्रिया के लिए लंबित रखा गया है।
थाना दिवस में मुख्य रूप से जमीन का बंटवारा, दोनों पक्षों द्वारा भूमि के कागजात प्रस्तुत न करना, द्वितीय पक्ष द्वारा अगली तिथि पर वार्ता का समय मांगना, प्रथम पक्ष का अनुपस्थित रहना, दूसरों की जमीन पर अनधिकृत दावा करना तथा पारिवारिक एवं घरेलू विवाद से जुड़े मामले सामने आए।

प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त मौजूदगी में थाना दिवस के आयोजन से आमजनों में शासन और कानून के प्रति गहरा विश्वास जागा है। लोगों के बीच यह सकारात्मक भरोसा बना है कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना व समझा जा रहा है और त्वरित गति से उनका न्यायसंगत समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
