– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
प्रधानाध्यापक अनुपस्थित मिले, 236 छात्रों के बजाय 670 की उपस्थिति दर्ज करने का मामला सामने आया; स्पष्टीकरण के साथ एक दिन का वेतन स्थगित करने की अनुशंसा
पटना/बाढ़, 9 सितंबर 2026: अनुमंडल पदाधिकारी कृष्णा जोशी, भा.प्र.से. द्वारा गत दिनों मोकामा प्रखंड अंतर्गत बरहपुर मध्य विद्यालय का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक दयानिधि प्रसाद सिंह उपस्थित नहीं पाए गए। प्रधानाध्यापक के संबंध में विद्यालय के अन्य शिक्षकों से पूछताछ की गई, लेकिन उनके द्वारा संतोषजनक उत्तर नहीं दिया गया।
विद्यालय में छात्रों की दैनिक उपस्थिति पंजी की जांच करने पर पाया गया कि छात्रों की उपस्थिति पंजी में उपस्थिति दर्ज ही नहीं की गई थी। इसे गंभीर मामला पाया गया। विद्यालय के शिक्षकों से छात्रों की उपस्थिति की गणना कराने पर विद्यालय में कुल 236 छात्र उपस्थित पाए गए।
मध्याह्न भोजन योजना की जांच के दौरान पाया गया कि प्रभारी राजेश प्रसाद द्वारा 7 सितंबर 2026 की तिथि में मध्याह्न भोजन योजना के मोबाइल ऐप पर छात्रों की कुल वास्तविक उपस्थिति 236 के स्थान पर 670 दर्ज की गई थी।

इस संबंध में जब प्रभारी राजेश प्रसाद से पूछा गया कि 236 छात्रों के स्थान पर 670 छात्रों की उपस्थिति क्यों दर्ज की गई, तो उन्होंने बताया कि विद्यालय की शिक्षिका पूजा सिंह द्वारा 670 छात्रों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए कहा गया था।
जब पूजा सिंह से इस संबंध में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि उन्हें प्रधानाध्यापक दयानिधि प्रसाद सिंह द्वारा मोबाइल पर 236 के स्थान पर 670 छात्रों की उपस्थिति दर्ज करने का निर्देश दिया गया था।
अनुमंडल पदाधिकारी कृष्णा जोशी द्वारा इस मामले में प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही, प्रधानाध्यापक का एक दिन का वेतन स्थगित करने की अनुशंसा की गई है। संतोषजनक स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं होने पर प्रधानाध्यापक के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।
विद्यालय का निरीक्षण प्रतिवेदन पटना के जिला पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी को अग्रेतर कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है।
