– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि राजकिशोर सिंह ने पीड़ित परिवार से मिलकर जताया शोक; पुलिस पदाधिकारियों से हत्या में संलिप्त आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग
अथमलगोला, 10 सितंबर 2026: पटना जिला के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत अथमलगोला प्रखंड क्षेत्र के ग्राम दक्षिणीचक में बीती रात ललन पुरी की हुई निर्मम हत्या की दुखद घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल कायम है। घटना की सूचना मिलते ही अथमलगोला प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि सह सामाजिक कार्यकर्ता राजकिशोर सिंह पीड़ित परिवार के आवास पर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें सांत्वना दी।
इस दुखद समय में मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाते हुए प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि सह सामाजिक कार्यकर्ता राजकिशोर सिंह ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए वे हर स्तर पर संभव सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि इस दुखद घड़ी में वे स्वयं और पूरे प्रखंड क्षेत्र के लोग मृतक के परिजनों के साथ मजबूती से खड़े हैं तथा परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
पुलिस से निष्पक्ष जांच और तत्काल गिरफ्तारी की मांग
घटना की सूचना प्राप्त होते ही प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि राजकिशोर सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तथा अथमलगोला थानाध्यक्ष से सीधे बात की। उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच करने और हत्या में संलिप्त सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
राजकिशोर सिंह ने प्रशासन से पुरजोर अपील करते हुए कहा कि दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिल सके और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था कायम रहे।
उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में भय और आक्रोश का माहौल उत्पन्न होता है। इसलिए पुलिस प्रशासन को मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए, जिससे पीड़ित परिवार को न्याय का भरोसा मिले और आम लोगों का कानून-व्यवस्था पर विश्वास कायम रहे।
अंत में राजकिशोर सिंह ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति प्रदान करने तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति दिए जाने की प्रार्थना की।
